जहानाबाद में बिजली कर्मी को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग, छाती और बांह में गोली लगने के बाद PMCH रेफर

9.6kViews
1327 Shares

हुलासगंज थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के समीप रविवार की देर रात अपराधियों ने एक बिजली कर्मी को ताबड़तोड़ 2 गोली मार दी।

गंभीर रूप से घायल रघुनाथपुर के चिमनी पर टोला निवासी सन्नी कुमार को पीएमसीएच रेफर कर द‍िया गया। डॉक्‍टर के अनुसार बांह और छाती में गोली लगी है। उसकी स्‍थ‍ित‍ि फ‍िलहाल स्‍थ‍िर है।

घटना को लेकर हुलासगंज थानाध्यक्ष अरविंद किशोर ने बताया कि गोलीबारी रविवार की देर रात हुई है। घायल के स्वजन ने तीन लोगों के नाम पुलिस को बताए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर ली है।

आरोप‍ित और जख्‍मी युवक एक ही गांव के

उन्होंने बताया कि घायल युवक और आरोपित तीनों आरोपी एक ही गांव के चिमनी पर टोला के रहने वाले हैं। हालांकि, पीड़ित पक्ष की ओर से अब तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।

इसके बावजूद पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

बताया जाता है कि सन्नी कुमार रविवार की देर रात मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहा था। रघुनाथपुर के समीप पहुंचते ही पहले से घात लगाए कुछ लोगों ने उसे घेर लिया।

बाइक से घर लौटते समय वारदात

इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और झगड़ा शुरू हो गया। इसी दौरान आरोपियों ने हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। तीन राउंड गोली चलने की बात सामने आई है।

इनमें एक गोली मिस हो गई, जबकि दो गोलियां सन्नी की छाती और बांह में जा लगीं। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर वहां से फरार हो चुके थे।

गोली लगने के बाद वह सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *