हरदोई में साढ़े 10 लाख की कोल्डड्रिंक लदा ट्रक गायब, मालिक और ड्राइवर पर FIR दर्ज
औद्योगिक क्षेत्र स्थित कंपनी से करीब साढ़े 10 लाख रुपये की कोल्डड्रिंक लादकर मेरठ के लिए निकला ट्रक संदिग्ध हालात में गायब हो गया। तय समय पर माल डिस्ट्रीब्यूटर के पास नहीं पहुंचा तो ट्रांसपोर्टर ने चालक और ट्रक मालिक से संपर्क किया। दोनों के मोबाइल बंद मिले। ट्रांसपोर्टर की तहरीर पर पुलिस ने चालक और ट्रक मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि 14 सितंबर की सुबह कंपनी के प्लांट से एक ट्रक में करीब साढ़े 10 लाख रुपये की कोल्डड्रिंक लादकर मेरठ के दौराला स्थित वीआरएस डिस्ट्रीब्यूटर के लिए भेजी गई थी।
वाहन को निर्धारित समय पर माल लेकर डिस्ट्रीब्यूटर के यहां पहुंचना था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा। माल नहीं पहुंचने पर ट्रांसपोर्टर ने राजस्थान के भरतपुर निवासी ट्रक मालिक मुबारिक और चालक राकेश के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया। दोनों के मोबाइल बंद मिले। काफी प्रयास के बाद भी संपर्क नहीं हो सका।
इसके बाद ट्रांसपोर्टर ने वाहन और माल के गायब होने की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर ट्रक मालिक और चालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली गई है। ट्रक और उसमें लदे माल की तलाश के साथ ही पूरे मामले की जांच की जा रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

