लखनऊ में अचानक बदला मौसम का मिजाज, झमाझम बारिश से मिली गर्मी से राहत

5.2kViews
1530 Shares

राजधानी में गुरुवार दोपहर करीब एक बजे मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से उमस और गर्मी के बीच दोपहर में आसमान पर बादल छा गए और देखते ही देखते तेज बारिश शुरू हो गई।

जोरदार बारिश से सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई, लेकिन लोगों को गर्मी से राहत मिली। कई इलाकों में लोग वर्षा से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर जाते नजर आए।

सुबह से ही तेज धूप निकली थी। दोपहर से पहले तक मौसम में गर्मी और उमस का असर बना हुआ था। इसके बाद बादलों की आवाजाही तेज हुई और कुछ ही देर में काले बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई।

बरसात की तीव्रता बढ़ने के साथ सड़कों पर जलभराव भी हुआ। कार्यालयों और बाजारों की ओर जा रहे लोगों को भी अचानक बदले मौसम के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, मानसून की विदाई के दौरान मौसम में ऐसा बदलाव होता है। लखनऊ में इसी बदलाव का असर है। दो-तीन दिन बूंदाबंदी हो सकती है, लेकिन बीच-बीच में धूप भी निकलेगी। बुधवार को प्रतापगढ़, कौशांबी और प्रयागराज समेत कई जिलों में मध्यम से भारी बरसात हुई थी।

पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में एक-दो दिन गरज-चमक के साथ बौछारों की संभावना बनी हुई है। हालांकि, शुक्रवार से पश्चिमी यूपी से मानसून की विदाई के पूर्वानुमान हैं और 22 सितंबर तक प्रदेशभर में वर्षा का दौर थम जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *