86 प्रकार के कृषि यंत्रों पर मिलेगा 40 से 80 प्रतिशत तक सब्सिडी, लॉटरी से होगा चयन; ऐसे करें आवेदन
खेती में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने और किसानों की लागत, श्रम व समय कम करने के लिए कृषि विभाग ने सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना के तहत 86 प्रकार के कृषि यंत्रों पर अनुदान देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
16 नए आधुनिक कृषि यंत्र
जिला संयुक्त कृषि भवन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार कृषि यांत्रिकीकरण योजना में इस बार 16 नए आधुनिक कृषि यंत्रों को शामिल किया गया है।
इनमें मल्टी क्राॅप प्लांटर, ट्रैक टाइप कंबाइन, मेज हार्वेस्टर, रेज्ड बेड प्लांटर और रिवर्सिबल एमबी प्लग समेत अन्य यंत्र शामिल हैं। इन मशीनों के इस्तेमाल से जुताई, बुआई, फसल प्रबंधन और कटाई जैसे कृषि कार्यों में किसानों को सुविधा मिलेगी।
लाॅटरी से होगा किसानों का चयन
निर्धारित समय सीमा में ऑनलाइन आवेदन करने वाले किसानों का चयन लाॅटरी के माध्यम से किया जाएगा। लाॅटरी की तिथि को ही चयनित किसानों को स्वीकृति पत्र जारी किया जाएगा।
इसकी वैधता 15 दिनों की होगी। इस अवधि में कृषि यंत्र की खरीद नहीं करने पर स्वीकृति पत्र स्वत: रद हो जाएगा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद अनुदान की राशि डीबीटी के माध्यम से लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाएगी।
ड्रोन उपलब्ध कराने का भी लक्ष्य निर्धारित
खेती में ड्रोन तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जिले में ड्रोन उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा जिले में विशेष कस्टम हायरिंग सेंटर, छह कस्टम हायरिंग सेंटर और एक कृषि यंत्र बैंक स्थापित करने का लक्ष्य है। कृषि यंत्र बैंक के लिए अधिकतम आठ लाख रुपये तक अनुदान का प्रावधान है।
पोर्टल पर करना होगा आवेदन
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को पहले बिहार कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। आधार आधारित सत्यापन के बाद प्राप्त पंजीकरण आईडी से किसान कृषि यांत्रिकीकरण योजना के पोर्टल पर आनलाइन आवेदन कर सकेंगे। किसानों से निर्धारित समय सीमा में आवेदन करने की अपील की गई है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

