‘हम एक-दूसरे से अलग नहीं रह सकतीं, पति नहीं सहेली का साथ चाहिए’; प्यार में जिद पर अड़ीं महिलाएं

1126 Shares

गाजियाबाद के साहिबाबाद में खोड़ा थाना क्षेत्र की कॉलोनी में नोएडा की फैक्ट्री से लापता हुईं दो महिलाएं साथ रहती मिलीं। दोनों के परिजन जब मकान पर पहुंचे तो महिलाओं ने साथ जाने से इनकार कर दिया और एक साथ रहने की जिद पर अड़ गईं। दोनों एक-दूसरे के साथ जीवन गुजारने की बात कहती रहीं।

वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया लेकिन दोनों नहीं मानीं। पुलिस तहरीर मिलने पर कार्रवाई की बात कह रही है।

लापता हो गई थी पत्नी

युवक ने बताया कि चार साल पहले उसकी शादी हुई थी। इसके बाद दोनों ग्रेटर नोएडा में रहकर एक कंपनी नौकरी करने लगे। कंपनी में कई अन्य महिला-पुरूष कामगार काम करते थे। 12 अगस्त को उनकी पत्नी लापता हो गई।

उन्होंने कंपनी के पता किया तो एक अन्य युवती भी लापता हुई थी। उन्होंने पत्नी को खोजने का प्रयास किया लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।

थाने में दर्ज कराई गुमशुदगी

इसके बाद उन्होंने ईकोटेक थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पत्नी को खोजने के दौरान उनकी मुलाकात कंपनी से लापता दूसरी युवती के भाई से हुई। इसके बाद दोनों मिलकर उन्हें खोजने लगे। उन्होंने दोनों युवतियों के सोशल मीडिया के अकाउंट चेक किए। जिनसे उनके खोड़ा में होने की जानकारी मिली।

हम एक-दूसरे से प्यार करती हैं

रविवार को युवती का पति और भाई खोड़ा स्थित मकान पर पहुंचे, जहां दोनों युवतियां परिजनों को मिलीं। दोनों ने बताया कि वह यहां किराये पर रहती हैं। दोनों एक-दूसरे से प्यार करती हैं। वह एक-दूसरे से अलग नहीं रह सकतीं। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस ने दोनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन दोनों ने परिजनों के साथ जाने से साफ मना कर दिया। इसके बाद पुलिस दोनों को थाने लेकर पहुंची।

एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि किसी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर आने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *