cपूर्व नगर काउंसिल प्रधान रेड्डी बेनीपाल की कांग्रेस में वापसी, मोहाली के डेराबस्सी में बढ़ी सियासी हलचल

1909 Shares

 स्थानीय निकाय की राजनीति में बढ़ती सरगर्मी के बीच कांग्रेस ने डेराबस्सी में वार्ड स्तर पर अपना कुनबा बढ़ाना शुरू कर दिया है। पूर्व नगर काउंसिल प्रधान रंजीत सिंह रेड्डी बेनीपाल की कांग्रेस में वापसी के साथ भाजपा से जुड़े अलग-अलग वार्डों के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी बदल ली है।

एक साथ कई स्थानीय चेहरों के कांग्रेस में आने से डेराबस्सी की सियासत में नए समीकरण बनने की चर्चा शुरू हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की मौजूदगी में रेड्डी बेनीपाल ने कांग्रेस में वापसी की।

उनके साथ वार्ड नंबर 11 से भाजपा की एमसी उम्मीदवार रही मनदीप कौर, वार्ड नंबर 10 से हरविंदर सिंह, वार्ड नंबर सात से आशा रानी और वार्ड नंबर 11 से हरदीप सिंह गाजीपुर भी कांग्रेस में शामिल हुए।

इनके अलावा ट्रक यूनियन डेराबस्सी के पूर्व प्रधान आशु महेंदरू, सैनी सभा के प्रधान गुरविंदर सिंह, गुरप्रीत हैप्पी, पूजा, हिमांशु और भाजपा महिला मंडल की प्रधान पूजा रानी सहित कई कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थामा।

स्थानीय चेहरों के सहारे संगठन मजबूत करने की कोशिश

रंजीत सिंह रेड्डी बेनीपाल नगर काउंसिल की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। पूर्व प्रधान होने के कारण स्थानीय स्तर पर उनकी अपनी राजनीतिक पहचान है।

ऐसे में कांग्रेस में उनकी वापसी को पार्टी की वार्ड स्तर पर संगठन मजबूत करने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। खास बात यह है कि उनके साथ शामिल होने वालों में अलग-अलग वार्डों और सामाजिक संगठनों से जुड़े चेहरे भी हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए उन्हें क्षेत्र में पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करने को कहा। इस दौरान कांग्रेस नेता गुरतेज बेनीपाल और चंडीगढ़ कांग्रेस माइनॉरिटी डिपार्टमेंट के अध्यक्ष आसिफ चौधरी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *