हिमाचल में अगले साल सितंबर में घोषित हो जाएंगे चुनाव, भाजपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में भरी तैयारी की हुंकार

6.1kViews
1261 Shares

धर्मपुर में कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार अपनी ही समस्याओं में उलझी हुई है। उन्होंने बताया कि अगले साल सितंबर तक चुनाव घोषित होंगे और भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत से पार्टी बड़े पैमाने पर चुनाव जीतेगी। डा. बिंदल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि धर्मपुर से रजत ठाकुर को जीताकर भेजें।

उन्होंने पंचायतीराज चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि 63 में से 44 प्रधान व अन्य सदस्य भाजपा के जीतकर आए हैं।

बूथ स्तर पर जाकर बताएं सरकार की नाकामियां
प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने अपनी गारंटियों को पूरा नहीं किया है। महिलाओं को न तो 1500 रुपये मिले और न ही 300 यूनिट बिजली। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर जाकर यह बताने की सलाह दी कि सरकार का यह वादा केवल छलावा है।

धर्मपुर में गलती सुधारने का आह्वान

डा. बिंदल ने पूर्व मंत्री ठाकुर महेंद्र सिंह के विकास कार्यों की सराहना की और कहा कि धर्मपुर ने पिछली बार जो गलती की थी, उसे इस बार सुधारना होगा। आपदा के बाद स्थानीय विधायक और नेता नजर नहीं आए, जबकि भाजपा के पूर्व प्रत्याशी रजत ठाकुर और महेंद्र सिंह ठाकुर लोगों के बीच सक्रिय रहे। इस अवसर पर पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर और पूर्व प्रत्याशी रजत ठाकुर ने भी विचार साझा किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *