ट्रैक्टर पर वैष्णो देवी से लौट रहे थे तीन श्रद्धालु, जालंधर के भोगपुर में अज्ञात वाहन ने मारी; दो की मौत

6.1kViews
1712 Shares

जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर भोगपुर की दाना मंडी के सामने रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों माता वैष्णो देवी के दर्शन कर ट्रैक्टर पर सवार होकर सहारनपुर लौट रहे थे।

इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनके ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मडगार्ड पर बैठे दोनों श्रद्धालु उछलकर सड़क पर जा गिरे। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं।

मृतकों की पहचान बृज मोहन पुत्र राम कला शर्मा निवासी पुआरका, थाना कोतवाली देहात, सहारनपुर और महिपाल पुत्र नकली निवासी सदारपुरा, थाना गंगू, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। दोनों के शव जालंधर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पुलिस ने उनके स्वजनों को हादसे की सूचना दे दी है।

रात एक बजे पुलिस को मिली सूचना

भोगपुर थाने के जांच अधिकारी तलविंदर ने बताया कि रविवार देर रात करीब एक बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष से राजमार्ग पर हादसे की सूचना मिली। इसके बाद थाना पुलिस की टीम सड़क सुरक्षा बल के साथ मौके पर पहुंची। वहां ट्रैक्टर सवार श्रद्धालु घायल अवस्था में मिले। पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने बृज मोहन और महिपाल को मृत घोषित कर दिया।उनके साथ मौजूद तीसरे व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों मृतकों के सिर पर गंभीर चोट लगी थी और काफी खून बह गया था। टक्कर के बाद दोनों ट्रैक्टर से उछलकर सीधे सड़क पर जा गिरे।

सीसीटीवी फुटेज से वाहन की तलाश

हादसे के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान के लिए राजमार्ग पर दुकानों और अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज से वाहन का सुराग मिल सकेगा।

हादसे के बाद राजमार्ग पर काफी देर तक वाहनों की कतार लगी रही और यातायात प्रभावित हुआ। हादसे से संबंधित एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घायल व्यक्ति सड़क पर मदद मांगता दिखाई दे रहा है। स्वजनों के जालंधर पहुंचने के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और इसके बाद शव परिवार को सौंपे जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *