लखीमपुर के जिला अस्पताल में मरीज को इलाज की जगह मिले थप्पड़ और घूंसे, चोटिल होने पर मुंह से निकला खून

3.7kViews
1783 Shares

 जिला अस्पताल में मरीजों के साथ अभद्रता का मामला कोई नया नहीं है,यहां आए दिन मरीजों के साथ कभी चिकित्सकों और कभी वार्ड ब्वाय के अभद्रता के प्रकरण सामने आते हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार की देर रात एक मरीज के साथ संविदा कर्मी ने ऐसी मारपीट की कि उसके मुंह से खून तक आ गया।

हंगामे की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सदर विधायक व मेडिकल कालेज की प्रधानाचार्य डॉ.वाणी गुप्ता ने मौके को गंभीरता से लिया है। सदर विधायक योगेश वर्मा ने डाक्टरों व उक्त स्टाफ नर्स पर कार्रवाई की बात भी कही है।

जिला अस्पताल में शुक्रवार की दिन-रात करीब 9:30 बजे एंबुलेंस से पहुंचे शिवम विश्वकर्मा ने अपने छोटे भाई राहुल विश्वकर्मा को बेहोशी की हालत में भर्ती कराया। इस दौरान वह बेहोशी में कई बार चिल्लाने के साथ हाथ-पैर चला रहा था।राहुल के बड़े भाई शिवम विश्वकर्मा का कहना है कि छोटा भाई राहुल मेला मैदान के एक प्राइवेट अस्पताल में काम करता था, जहां दोपहर में वह अचानक बेहोश हो गया हाथ पैर ठंडे हो गए। उसे घर लाने के बाद शाम को अस्पताल लाया गया। देर रात एंबुलेंस से पहुंचे मरीज को भर्ती करने के बाद डाक्टरों ने उसे इंजेक्शन दिया तथा ग्लूकोज की बोतल भी लगाई गई।

इसके बाद उसे मेडिकल वार्ड में शिफ्ट कर दिया। जहां स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत जयपाल उसे देखने आया तो मरीज ने बेहोशी की हालत में जब मरीज ने हाथ पर चलाए तो जयपाल ने उसे थप्पड़ों और घूंसों से मारना शुरू कर दिया। शिवम विश्वकर्मा के मुताबिक जयपाल ने इतना मारा की मरीज के मुंह से खून निकलने लगा।

उसने डाक्टरों से शिकायत की और फिर हंगामा शुरू हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सदर विधायक योगेश वर्मा ने चिकित्सकों को फटकार लगाई। सूचना पर पहुंची मेडिकल कालेज प्रधानाचार्य डॉ.वाणी गुप्ता तथा जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजकुमार कोहली ने भी मौके को गंभीरता से लिया है। सदर विधायक योगेश वर्मा ने मौके पर मौजूद डाक्टरों तथा उक्त स्टाफ नर्स पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *