रोहाना कलां रेलवे स्टेशन पर दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस का स्टॉपेज शुक्रवार से शुरू हो गया। कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार व बिजनौर सांसद चंदन चौहान तथा दर्जनों ग्रामीणों ने ढोल नगाड़ों के साथ फूल बरसाकर ट्रेन का जोरदार स्वागत किया। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर ठहराव की खुशी मनाई। इसके बाद कैबिनेट मंत्री व सांसद टिकट लेकर ट्रेन में सवार होकर मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हुए।
शुक्रवार सुबह 11:34 बजे दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस ट्रेन संख्या-14304 रोहाना रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो वहां पर एकत्र ग्रामीणों ने पुरकाजी विधायक एवं कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार व बिजनौर सांसद चंदन चौहान ने लोको पायलट को फूल माला पहनाकर स्वागत किया।
बहेड़ी रेलवे फाटक पर जाम की समस्या का भी शीघ्र ही समाधान कराया जाएगा। इसके बाद वह टिकट लेकर आधा दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ ट्रेन में सवार होकर मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो गए। क्षेत्र के ग्रामीणों ने रोहाना में तीन अन्य पैसेंजर ट्रेन के ठहराव की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन दिया।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य प्रवीण कुमार, रोहाना गन्ना समिति के चेयरमैन अनिल त्यागी, दुष्यंत त्यागी, विपुल बहेड़ी, लक्ष्मण शर्मा, सुभाष प्रधान, डॉ. अश्विनी कुमार आदि मौजूद रहे।
यह रहेगा समय
दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस संख्या-14303 प्रतिदिन पुरानी दिल्ली जंक्शन से शाम पौने छह बजे चलकर हरिद्वार जंक्शन तक जाएगी। यह मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर रात आठ बजकर 11 मिनट पर पहुंचेगी। यह रोहाना रेलवे स्टेशन पर आठ बजकर 23 मिनट पर पहुंचेगी। हरिद्वार जंक्शन से चलने वाली दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस संख्या-14304 सुबह नौ बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान कर सुबह 11 बजकर 34 मिनट पर रोहाना कलां पहुंचेगी। मुजफ्फरनगर में 11:45 तक पहुंचेगी।
बहेड़ी निवासी आत्माराम ने बताया कि कोरोना काल के बाद से रोहाना में ट्रेन न रुकने से बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। पहले यह ट्रेन पैसेंजर ट्रेन थी। एक्सप्रेस बनने के बाद पहली बार रोहाना में ठहराव हुआ है। वह दिल्ली के लिए ट्रेन में सवार हुए।
बड़कली निवासी अनिल कुमार ने बताया कि दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस ट्रेन का रोहाना में ठहराव होने से दिल्ली व हरिद्वार से सीधा जुड़ाव होगा। इससे शिक्षा, व्यापार व स्वास्थ्य के लिए लाभ होगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

