मझौलिया थाना क्षेत्र की धोकराहा पंचायत के वार्ड नंबर-दो स्थित नुनिया टोला में शनिवार की अहले सुबह पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गांजे की बड़ी खेप बरामद की।
पुलिस ने गांजा लदी उजले रंग की कार जब्त करते हुए उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया। कार से 10 बोरी से एक क्विंटल 18 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार कार चालक ने जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताया है।
पुलिस को देखते ही चालक कार लेकर गांव के सरेह की ओर भागने लगा। बांस के पास गड्ढे में कार फंस गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर चालक को पकड़ लिया।
जांच के दौरान कार से 10 बोरे गांजा बरामद हुआ। जब्त कार का रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर 1 सीवाई 1200 है। गिरफ्तार चालक की पहचान बलथर थाना क्षेत्र निवासी श्यामू कुमार उर्फ श्यामू यादव के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि कार और गांजा जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। छापामारी दल में अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार, राजीव नयन कुमार, पार्वती कुमारी समेत पुलिस बल के जवान शामिल रहे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

