आंदोलन से हिली नींव, दबाव बना रहा तो गिर जाएगी सरकार’, राहुल गांधी ने साधा निशाना

5.4kViews
1159 Shares

 विपक्षी दलों के राष्ट्रपति भवन मार्च से पहले लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में आईएनडीआइ सांसदों को संबोधित करते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार को हटाना तो जरूरी ही है मगर अब उससे भी बड़ी समस्या बन चुकी वर्तमान सरकार को हटाना जरूरी है।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शनों ने इस सरकार की नींव हिला दी है। अब यह सरकार डरी हुई है और अगर हम पिछले तीन-चार दिनों की तरह ही दबाव बनाते रहे तो वे गारंटी दे रहे कि यह सरकार गिर जाएगी।

चुनाव आयोग तथा सरकार के बीच गहरे सांठगांठ का दावा करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार तो केवल एक सर्विस प्रोवाइडर है और उसमें इतनी हिम्मत है कि वह कहता है कि वह जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों से नहीं मिलेगा।

चुनावों में धांधली किए जाने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि बीते कुछ सालों में जिस तरह के परिणाम आए विशेषकर गुजरात, हरियाणा और महाराष्ट्र उसे वे अभी तक समझ नहीं पाए कि ऐसा कैसे हुआ। इसके बाद पूरे सबूत जुटाने के बाद हमने वोट चोरी के अलग-अलग तरीकों का खुलासा किया है।

राहुल गांधी ने सेंट्रल हाल में ही देश की स्वतंत्रता की मध्यरात्रि को पंडित जवाहरलाल नेहरू के ऐतिहासिक भाषण की कुछ पंक्तियों का उल्लेख किया।

इसमें नेहरू ने कहा था-‘यह भारत, पूरे एशिया और दुनिया के लिए एक अहम पल है। पूरब में आजादी का एक नया सितारा चमक रहा है, एक नई उम्मीद जगी है, एक लंबे समय से संजोया गया सपना सच हो रहा है। यह सितारा कभी न डूबे और यह उम्मीद कभी न टूटे..।

नेता विपक्ष ने नेहरू की इन पंक्तियों के जरिए वोट चोरी के खिलाफ विपक्षी दलों के संघर्ष को देश के लोकतंत्र की रक्षा की ऐतिहासिक लड़ाई बताने की कोशिश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *