जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में आतंकी मॉड्यूल ध्वस्त, हिजबुल मुजाहिद्दीन का ‘हाइब्रिड आतंकवादी’ गिरफ्तार

1426 Shares

उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा में पुलिस ने 21 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और 92वीं बटालियन सीआरपीएफ के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े एक संदिग्ध हाइब्रिड आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान हिजबुल मुजाहिदीन के एक पूर्व आतंकी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चीन निर्मित एक पिस्तौल, दो मैगजीन और 16 कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, उसे हंदवाड़ा-कुपवाड़ा क्षेत्र में हाइब्रिड आतंकी के तौर पर सक्रिय होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही हंदवाड़ा पुलिस, 21 आरआर और 92वीं बटालियन सीआरपीएफ ने संयुक्त अभियान शुरू किया।

आरोपित की हुई पहचान

हंदवाड़ा कस्बे में चिन्हित स्थान पर सुरक्षा घेरा डालकर तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान आरोपित को पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपित की पहचान क्रूमूरा, हंदवाड़ा निवासी मंजूर अहमद भट पुत्र मोहम्मद सुल्तान भट के रूप में हुई है।

आतंकी के पास से मिली 2 मैगजीन और 16 कारतूस

बता दें कि, आतंकी की तलाशी में उसके पास से पिस्तौल, दो मैगजीन और 16 कारतूस मिले। पुलिस ने बताया कि मंजूर अहमद भट हिजबुल मुजाहिदीन का पूर्व आतंकी है और उसे पहले भी दो मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है।

इस संबंध में हंदवाड़ा थाने में एफआइआर संख्या 232 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपित के साथ मॉड्यूल में कौन-कौन लोग जुड़े हैं और क्षेत्र में उसकी गतिविधियों का नेटवर्क कितना फैला हुआ है। पुलिस अन्य संदिग्धों और उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *