महानंदा एक्सप्रेस हादसे की जांच तेज, 6 रेलकर्मियों की भूमिका पर रेलवे की पड़ताल

1326 Shares

 दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आरा जंक्शन पर महानंदा एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले में रेलवे ने छह रेलकर्मियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।

पूरे मामले की जांच चार सदस्यीय टीम कर रही है। जांच के दायरे में लोको पायलट से लेकर स्टेशन पर ड्यूटी में तैनात संबंधित रेलकर्मियों की भूमिका को शामिल किया गया है।

सिग्नल समेत अन्य बिंदुओं की हो रही जांच

टीम हादसे से पहले सिग्नल, ट्रेन परिचालन और ड्यूटी से संबंधित सभी बिंदुओं की जांच कर रही है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, जांच में यदि किसी कर्मचारी की गंभीर लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ रेलवे के नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि, रेलवे में कुछ वर्ष पहले सेवा नियमों में संशोधन किया गया है। पहले गंभीर लापरवाही या निर्धारित नियमों के उल्लंघन के मामलों में संबंधित कर्मचारी को नौकरी से बर्खास्त किए जाने का प्रावधान अधिक कड़ा माना जाता था।

संशोधित नियमों के तहत अब कुछ मामलों में बर्खास्तगी के बजाय कर्मचारी को निचले स्तर के पद पर भेजकर सेवा जारी रखने का प्रावधान है। बताया जा रहा है कि कार्रवाई की स्थिति में संबंधित कर्मचारी को उसके पूर्व पद से नीचे के स्तर पर काम करना पड़ सकता है।

ऐसे मामलों में वेतन निर्धारण भी संशोधित सेवा शर्तों और रेलवे के लागू नियमों के आधार पर किया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि कर्मचारी को पूर्व में जिस स्तर पर वेतन मिल रहा था, उसी आधार पर उसकी नई जिम्मेदारी और वेतन संबंधी प्रक्रिया निर्धारित की जा सकती है।

किस सिग्नल की स्थिति में आगे बढ़ी गाड़ी

हालांकि, अंतिम कार्रवाई जांच रिपोर्ट और सक्षम रेलवे अधिकारी के निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगी। चार सदस्यीय जांच टीम हादसे के तकनीकी और मानवीय दोनों पहलुओं को खंगाल रही है।

टीम यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रेन को किस सिग्नल की स्थिति में आगे बढ़ाया गया, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन किया या नहीं और दुर्घटना से पहले परिचालन में किसी स्तर पर चूक हुई थी या नहीं।

महानंदा एक्सप्रेस हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने संबंधित रिकॉर्ड और ड्यूटी से जुड़े दस्तावेजों को भी जांच के लिए सुरक्षित किया है। जांच पूरी होने के बाद टीम अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपेगी।

रिपोर्ट में जिस कर्मचारी की जितनी जिम्मेदारी सामने आएगी, उसके अनुसार रेलवे के सेवा नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। रेल अधिकारियों का कहना है कि हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी जांच पूरी होने के बाद ही आधिकारिक रूप से स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *