बंगाल के न्यू फरक्का में ट्रैक धंसने के बाद अलर्ट पर रेलवे प्रशासन, यात्रियों की सुविधा के लिए उठाए जा रहे कदम

1872 Shares

पश्चिम बंगाल के तिलडांगा एवं न्यू फरक्का स्टेशनों के बीच अप लाइन पर जमीन धंसने की घटना के बाद ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है। वहीं कई अस्थायी विनियमन (Temporary regulation) से चल रही हैं। ऐसे में मालदा मंडल ने निगरानी बढ़ा दी है।

यात्रियों को होने वाली असुविधा को न्यूनतम करने के लिए यात्री सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया गया है। मंडल और क्षेत्रीय स्तर पर स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।

मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह मंडल नियंत्रण कक्ष से स्थिति पर नजर रख रहे हैं। अपर मंडल रेल प्रबंधक अमरेंद्र कुमार मौर्य संबंधित शाखा अधिकारियों के साथ कार्यस्थल पर मौजूद रहकर मरम्मत व बहाली कार्यों की निगरानी तथा आवश्यक समन्वय कर रहे हैं।

न्यू फरक्का स्टेशन पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक/टिकट जांच तथा संबंधित वाणिज्य पर्यवेक्षकों के माध्यम से यात्री सुविधाओं की निगरानी की जा रही है। तिलडांगा और बल्लालपुर स्टेशनों पर भी यात्रियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जा रही है।

ट्रेन परिचालन में बदलाव की जानकारी देने के लिए मालदा मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर मार्ग परिवर्तन, विनियमन और निरस्तीकरण से संबंधित नियमित उद्घोषणा की जा रही है। आरक्षित यात्रियों को ट्रेन सेवाओं में हुए बदलाव की जानकारी बल्क संदेश के माध्यम से दी जा रही है।

अस्थायी ट्रेन विनियमन के दौरान तिलडांगा और बल्लालपुर स्टेशनों पर खानपान स्टॉल चालू रखे गए हैं। यात्रियों के लिए खाद्य सामग्री और पैकेज्ड पेयजल उपलब्ध कराने की अस्थायी व्यवस्था भी की गई है।

रेलवे का प्रयास है कि बहाली कार्य में तेजी लाकर ट्रेनों का सामान्य परिचालन जल्द बहाल किया जाए। यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रियों को समय पर सही जानकारी और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *