IGI एयरपोर्ट के T3 पर भरा पानी, दो घंटे की बारिश में डूबी दिल्ली; ऑरेंज अलर्ट जारी
जन्माष्टमी पर दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी में हुई भारी बारिश का असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भी दिखाई दिया। एयरपोर्ट परिसर में भारी जलभराव होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के बाद दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 के फोरकोर्ट में जलभराव हो गया। स्थिति यह रही कि यात्री करीब आधे घंटे तक पानी कम होने का इंतजार करते रहे, ताकि वे आगमन द्वार की ओर बढ़ सकें। जलभराव के कारण यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई और उन्हें पानी के बीच से होकर गुजरने में मुश्किल हुई।
एयरपोर्ट की छवि पर बुरा असर
एयरपोर्ट पर काम करने वाले लोगों ने भी इस तरह के जलभराव को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि कई वर्षों से एयरपोर्ट पर काम करने के बावजूद उन्होंने इतना पानी जमा होते पहले नहीं देखा। इससे एयरपोर्ट की छवि पर भी असर पड़ने की आशंका जताई गई।
लोगों ने जलभराव के पीछे ड्रेनेज या सीवर में रुकावट की आशंका जताते हुए पानी की निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने और भविष्य में ऐसी स्थिति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत बताई।
दिल्ली-एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बारिश और गरज-चमक की संभावना है।
अगले तीन घंटों में दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर 50 से 100 मिलीमीटर तक भारी बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान बिजली कड़कने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

