मुंबई: गेटवे ऑफ इंडिया के पास अरब सागर में फेरी बोट खराब, 38 लोगों की अटकी सांसें

5.4kViews
1269 Shares

मुंबई में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। गेटवे आफ इंडिया के पास अरब सागर में 38 लोगों को ले जा रही एक फेरी बोट अचानक खराब हो गई।

इसमें 34 यात्री और चार क्रू मेंबर सवार थे। ये तो अच्छा रहा कि समय रहते दूसरी बोट मदद के लिए पहुंच गई और सभी को सुरक्षित गेटवे ऑफ इंडिया जेट्टी पर वापस लाया गया।

जानकारी के अनुसार, अनवारी नाम की यह फेरी बोट गेटवे आफ इंडिया से आधे घंटे की समुद्री सैर कराती है। गुरुवार रात करीब 8.30 बजे यह बोट सैर के बाद गेटवे ऑफ इंडिया की ओर लौट रही थी।

इसी समय इसमें तकनीकी खराबी आ गई। उस समय बोट गेटवे ऑफ इंडिया से करीब 1.5 नाटिकल मील दूर समुद्र में थी। समुद्र के बीच बोट रुकने से यात्रियों में दहशत फैल गई।

क्रू मेंबर ने तुरंत कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस हरकत में आई और तुरंत स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पास में मौजूद फेरी आपरेटरों को अलर्ट किया।

कुछ ही मिनटों में एक दूसरी रेस्क्यू फेरी बोट मौके पर पहुंची। उसने खराब हुई अनवारी फेरी को रस्सी से बांधकर खींचते हुए गेटवे आफ इंडिया जेट्टी की ओर लाना शुरू किया।

पुलिस, फेरी ऑपरेटर और क्रू मेंबर के बीच बेहतर तालमेल के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से पूरा हुआ। सभी 34 यात्रियों और 4 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित किनारे पर लाया गया। किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है।

सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। मुंबई पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में बोट में तकनीकी खराबी की बात सामने आई है। बोट के इंजन में खराबी आई थी। इस मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। फेरी के फिटनेस व सुरक्षा मानकों की भी जांच होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *