शहर की बदहाल और जर्जर सड़कों के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे ढंग से घोड़ा-गाड़ी पर सवार होकर पूरे शहर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय राजदेपुर से घोड़ा-गाड़ी पर सवार होकर नवाबगंज, नखास, मिश्रबाजार, लंका होते हुए कचहरी पहुंचे, जहां जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी के प्रतिनिधि एसडीएम महोदय को ज्ञापन सौंपा गया।
जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा गाजीपुर शहर की सड़कें प्रदेश की सबसे खराब सड़कों में शामिल होती जा रही हैं। नगर पालिका प्रशासन केवल विकास के दावे कर रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर जनता गड्ढों में चलने को मजबूर है। करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का पैसा आखिर कहां खर्च हो रहा है, इसकी भी जांच होनी चाहिए। भ्रष्टाचार और लापरवाही का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि सभी जर्जर सड़कों को तत्काल गड्ढामुक्त कराकर उनका निर्माण कराया जाए।
शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा एवं पूर्व विधायक पशुपतिनाथ राय ने संयुक्त रूप से कहा “नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही और भ्रष्ट कार्यशैली ने गाजीपुर शहर की जनता का जीवन नारकीय बना दिया है। सड़क निर्माण और मरम्मत के नाम पर हर वर्ष बड़ी धनराशि खर्च होने के बावजूद सड़कें कुछ ही समय में टूट जाती हैं या गड्ढों में तब्दील हो जाती हैं। इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। हम मांग करते हैं कि नगर पालिका द्वारा कराए गए सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की जांच कराई जाए और दोषी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई हो।”
पूर्व अध्यक्ष डॉक्टर मारकंडेय सिंह एवं सेवा दल जिला अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता ने संयुक्त रूप से कहा “भाजपा सरकार और नगर पालिका प्रशासन के विकास के दावे गाजीपुर की सड़कें देखकर पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं। जनता टैक्स दे रही है, सरकार विकास का ढिंढोरा पीट रही है, लेकिन जनता को चलने लायक सड़क तक नहीं मिल रही है। यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि जनता के साथ विश्वासघात है। नगर पालिका प्रशासन में व्याप्त भ्रष्टाचार और मनमानी की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यदि जिला प्रशासन ने शीघ्र ही गाजीपुर शहर की इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं किया तो कांग्रेस पार्टी जनता को साथ लेकर बड़े और व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और नगर पालिका की होगी।”
कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन से मांग की कि गाजीपुर शहर की सभी जर्जर सड़कों का तत्काल सर्वे कराकर गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर भरवाया जाए, सड़कों का गुणवत्तापूर्ण और स्थायी निर्माण कराया जाए तथा नगर पालिका द्वारा सड़क निर्माण और मरम्मत के नाम पर कराए गए कार्यों की जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

