बारिश से मौसम हुआ सुहाना, पर नगर पालिका के दावों की खुली पोल; हापुड़ की सड़कों पर रेंगती रहीं गाड़ियां

8.2kViews
1046 Shares

कई दिनों से उमस और चिपचिपाती गर्मी से बेहाल लोगों को बुधवार सुबह हुई झमाझम वर्षा ने राहत दी, लेकिन कुछ ही देर की वर्षा ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी।

सड़कों से लेकर गलियों तक पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गोल मार्केट, अतरपुरा चौपला, रेलवे रोड, फ्री गंज रोड समेत कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव के कारण वाहन रेंगते नजर आए, जबकि निचले इलाकों में घरों और दुकानों के आसपास पानी जमा हो गया।

सुबह आसमान में घने बादल छाए और देखते ही देखते तेज वर्षा शुरू हो गई। वर्षा से तापमान में गिरावट आने पर लोगों ने राहत की सांस ली। उमस से परेशान लोगों के लिए मौसम सुहाना हो गया। हालांकि, वर्षा बंद होते ही शहर में जगह-जगह जलभराव ने लोगों की मुश्किल बढ़ा दी।

नालियों की सफाई और जल निकासी के इंतजामों के दावों के बीच सड़कों पर पानी जमा होने से नगर पालिका की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए। कई स्थानों पर नालियों का पानी सड़क पर आ गया।

दोपहिया वाहनों को हुई सबसे ज्यादा परेशानी

राहगीरों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हुई। जलभराव के कारण बाजारों में भी आवागमन प्रभावित रहा।

वर्षा ने उन इलाकों की समस्या और उजागर कर दी, जहां जल निकासी की व्यवस्था पहले से ही कमजोर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बार वर्षा के बाद यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।

मौसम वैज्ञानिक अशोक कुमार ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में यदि तेज वर्षा हुई तो, शहर में जलभराव की समस्या और गंभीर हो सकती है।

इस संबंध में नगर पालिका अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि जलभराव न हो इसके लेकर सफाईकर्मी पीछे से बहकर आने वाले कचरे को नाले से बाहर निकाल रहे हैं। जलभराव वाले इलाकों का टीम के साथ निरीक्षण किया गया। आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *