कौशांबी हादसे के बाद खेतों में बिखरे मानव अंग को एकत्र करना चुनौतीपूर्ण था, पटाखों के ब्लास्ट में दहल रहे थे मददगार

5.2kViews
1230 Shares

 सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के बाद पुलिस-प्रशासन रेस्क्यू आपरेशन शुरू करवाया। खेत, मेड़, सड़क, रेलवे पटरी, बाग समेत अन्य स्थानों पर जमा भीड़ के बीच कुछ लोग राहत और बचाव कार्य में हाथ भी बंटा रहे थे। पुलिस हैंडलाउडर से भीड़ को हटने के लिए अपील करती तो जेसीबी की आवाज के बीच चीख-पुकार दब जाती।

रेस्क्यू आपरेशन के दौरान ही इधर-उधर पटाखे अचानक दगते रहे। धमाकों से मददगार दहल उठते तो भीड़ भागने लगती। पानी भरे खेत में बिखरे मानव अंगों को एकत्र करना पुलिस के सामने सबसे बड़ा चुनौतीपूर्ण रहा। फायर ब्रिगेड की गाड़ी और एंबुलेंस फंसी तो संकरे रास्ते ने मुसीबत बढ़ा दी।

मनौरी के पास संचालित अवैध पटाखा फैक्ट्री के पास नई कालोनी आबाद थी। यहां ज्यादातर लोग बाहर से आकर व्यापार या नौकरी के लिए परिवार संग रहते थे। विस्फोट की जद में जो घर आए वह खेतों के बीच ही थे। वहां पहुंचने के लिए तीन तरफ से रास्ता तो था, लेकिन बेहद संकरा। सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाके की गूंज करीब दूर-दूर तक तक सुनाई दी।

गोहमलवा के गुड्डू सरोज का कहना है कि वह गांव के कई लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। यहां जिस रास्ते से वह घटनास्थल तक पहुंचे, वह खेत से होकर जाता था। पानी भरे खेत में पांच बच्चे तड़प रहे थे। वह साथियों के साथ सभी को लेकर सड़क की तरफ पहुंचे, तभी दो की मौत हो गई। तीन बच्चों को पुलिसवाले इलाज के लिए ले गए।

मनौरी के मोहम्मद ने बताया कि धुएं का गुबार आसमान को छू रहा था। वह घटनास्थल की तरफ भागे, लेकिन यहां पहुंचते ही अजीब सी बदबू व आंखों में जलन का एहसास होने लगा था। चारों तरफ लोगों की भीड़ लगी थी। पटाखों की बारूद व कागज 50 मीटर से ज्यादा दूरी तक फैले थे। बीच-बीच में पटाखे फट रहे थे।

सपा नेता अशोक यादव ने बताया कि बस्ती के समीप बाग में धमाके के कारण टिनशेड, कपड़े पेड़ की डाल पर आकर लटक गए थे। किसी की हिम्मत घटनास्थल तक जाने की नहीं पड़ रही थी। पुलिस ने यलो टेप लगाकर 50 मीटर दायरे को घेर रखा था। मददगार खुद भी संभावित खतरे से परेशान दिखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *