दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में कोलंबियाई छात्र जुआन कैमिलो तावेरा मेलिनो को प्रवेश देने के बाद अंतरराष्ट्रीय सेल की जांच में ऐसी कमियां सामने आईं कि उसका प्रवेश रद कर दिया गया है। छात्र ने जुलाई में राजनीति विज्ञान विभाग के सर्टिफिकेट कोर्स आफ हॉस्पिटल मैनेजमेंट में आनलाइन माध्यम से आवेदन किया था। विभागीय स्तर पर आवेदन स्वीकार होने के बाद उसने प्रवेश शुल्क भी जमा कर दिया था। बाद में दस्तावेजों के सत्यापन के लिए मामला अंतरराष्ट्रीय सेल को भेजा गया, जहां उसकी शैक्षिक योग्यता और वीजा से संबंधी स्थिति सामने आई।
जांच के दौरान अंतरराष्ट्रीय सेल ने पाया कि विदेशी छात्रों के प्रवेश के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं हुआ था। छात्र को अंतरराष्ट्रीय सेल के माध्यम से आवश्यक सत्यापन और प्रक्रिया पूरी कराने के बाद ही प्रवेश मिलना चाहिए था। इसके अलावा संबंधित पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए स्नातक की योग्यता अनिवार्य थी, जबकि छात्र के पास केवल इंटरमीडिएट स्तर की शैक्षिक योग्यता थी। उसके द्वारा प्रस्तुत दस्तावेज स्नातक की निर्धारित पात्रता को पूरा नहीं करते थे।
मामला सामने आने के बाद अंतरराष्ट्रीय सेल ने छात्र को पाठ्यक्रम में प्रवेश की अनुमति नहीं दी और प्रवेश निरस्त करने का निर्णय लिया। विभाग की ओर से छात्र द्वारा जमा शुल्क को समायोजित अथवा वापस करने के लिए भी अंतरराष्ट्रीय सेल को पत्र भेजा गया था।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

