समझौते के बाद मिली जमानत, उसी दिन कर ली दूसरी शादी; रामगढ़ में महिला ने युवक पर मारपीट और धमकी का लगाया आरोप

6.4kViews
1462 Shares

रामगढ़ थाना क्षेत्र की एक महिला ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने, विश्वास में लेकर समझौता करने के बाद कथित रूप से पहली पत्नी को छोड़कर दूसरी शादी करने तथा विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

इस संबंध में महिला ने रामगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में बताया कि वह रामगढ़ थाना क्षेत्र की रहने वाली है। पूर्व में खलील खान के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद खलील खान उसे बहला-फुसलाकर रामगढ़ थाना लाया और उसके साथ समझौता किया।

शिकायतकर्ता का कहना है कि समझौते में कुछ शर्तें लिखित रूप से तय की गई थीं। इसके बाद आरोपित ने न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन दिया और समझौते के आधार पर जमानत प्राप्त कर ली।

महिला का आरोप है कि जमानत मिलने के बाद आरोपी ने समझौते की शर्तों के विपरीत आचरण किया। जिस दिन उसकी जमानत स्वीकृत हुई, उसी दिन आरोपित ने उसे उसके घर पर छोड़कर दूसरी लड़की से शादी कर ली और वर्तमान में उसके साथ रह रहा है। शिकायतकर्ता ने इसे अपने साथ धोखाधड़ी और विश्वासघात बताया है।

प्राथमिकी में लगाया गया है कि गत 25 अगस्त को वह न्यायालय से घर लौट रही थीं। इसी दौरान खलील खान अपने मामा, वाहन चालक तथा अन्य साथियों के साथ न्यायालय से बाहर आते समय उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान बचाने के लिए मदद की गुहार लगाने पर भी आरोपी पक्ष ने कथित रूप से उसके साथ मारपीट जारी रखी।

आरोप है कि इसी दौरान खलील खान के मामा एनामुल मंसूरी ने भी उसके साथ अभद्र व्यवहार किया, बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया और कथित रूप से लज्जा भंग करने के उद्देश्य से आपराधिक बल का प्रयोग किया। महिला ने बताया कि जब उसने थाना में शिकायत करने की बात कही तो खलील खान ने कथित रूप से उसके गले में चाकू रखकर धमकी दी।

महिला ने प्राथमिकी में यह भी उल्लेख किया है कि घटना के दौरान उसके पिता मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। उसने खलील खान पर धमकी देने तथा पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने का भी आरोप लगाया है। आवेदन में खलील खान के विरुद्ध धनबाद में पूर्व से एक मामला लंबित होने का भी उल्लेख किया गया है।

पीड़िता ने थाना प्रभारी से पूरे मामले की जांच कर आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन प्रकाश पांडेय ने बताया कि महिला की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आगे का अनुसंधान कर रही है। पीड़िता को न्याय मिलेगा। दोषियों पर कानूनी कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *