मिनी बाईपास रोड स्थित नवोदय अस्पताल की चौथी मंजिल पर शनिवार सुबह अचानक से आग लग गई। घटना के बाद अफरातफरी का माहौल हो गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। गनीमत थी कि चौथी मंजिल पर कोई मरीज भर्ती नहीं था। इसलिए जनहानि नहीं हुई। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण एसी में शर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है।
नवोदय अस्पताल की चौथी मंजिल पर लगी आग
अस्पताल कर्मचारियों ने तत्काल स्थिति संभालते हुए मरीजों को वार्डों से बाहर निकालना शुरू कर दिया। आग लगने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अस्पताल को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की। कर्मचारियों ने अलग-अलग वार्डों में भर्ती मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
गंभीर मरीजों को बाहर निकालने में भी अस्पताल स्टाफ जुटा रहा। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
घटना के बाद रोड पर लगा जाम
अस्पताल में आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचने लगे। अस्पताल के बाहर लोगों और वाहनों की भीड़ बढ़ने से मिनी बाईपास रोड पर लंबा जाम लग गया। सड़क पर वाहनों की कतार लग गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

