पंचकूला में ट्यबवेल के चौकीदार को बंधक बनाकर पीटा, तीन सेक्टरों में पानी सप्लाई रही ठप

1922 Shares

सेक्टर-24 स्थित वाटर सप्लाई ट्यूबवेल पर मंगलवार तड़के चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। पांच चोरों ने ड्यूटी पर तैनात चौकीदार को पहले चारपाई पर बांध दिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।

इसके बाद आरोपी ट्यूबवेल की बिजली की तारें काटकर फरार हो गए। वारदात के चलते घग्गर पार स्थित सेक्टर-23, 24 और 25 में पानी की सप्लाई ठप्प हो गई।

जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब ढाई बजे की है। चौकीदार ने बताया कि पांच लोग अचानक ट्यूबवेल परिसर में घुस आए। आरोपियों ने उसे काबू में कर चारपाई पर बांध दिया और मारपीट की। हमले में चौकीदार के सिर में गंभीर चोट आई, जिस पर 12 टांके लगाए गए हैं।

चोर ट्यूबवेल से बिजली की तारें काटकर अपने साथ ले गए, जिससे पानी की आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।उधर, एचएसवीपी की टीम ने प्रभावित इलाकों में जल्द पानी की सप्लाई बहाल करने के लिए नई बिजली की तारें डालने का काम शुरू कर दिया है। घटना के बाद घग्गर पार के सेक्टरों में पानी की समस्या पैदा हो गई है और विभाग जल्द से जल्द सप्लाई सामान्य करने में जुटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *