Janmashtami 2026: श्रीकृष्ण जन्मस्थान और केशवदेव मंदिर में एक ही दिन मनेगी जन्माष्टमी, नोट करें डेट

3.0kViews
1053 Shares

Mathura Janmashtami 2026: ब्रज में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की तैयारियां अब परवान चढ़ने लगी हैं। दो साल बाद फिर प्राकट्य स्थली श्रीकृष्ण जन्मस्थान और प्राचीन मंदिर ठाकुर श्री केशवदेव में एक ही दिन, यानी चार सितंबर को जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाएगा। इससे पहले वर्ष 2024 में एक ही दिन पर्व मना था। जन्माष्टमी को लेकर ब्रज में हर्ष और उल्लास छाने लगा है। मंदिरों में तैयारियां गति पकड़ रही हैं।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान में सूर्योदय के समय अष्टमी तिथि होने पर ही जन्माष्टमी मनाने की परंपरा है। वहीं, प्राचीन केशवदेव मंदिर में उस दिन जन्माष्टमी मनाई जाती है जिस दिन अष्टमी तिथि का प्रवेश होता है।

अक्सर ठाकुर श्री केशवदेव में एक दिन पहले जन्माष्टमी मनाई जाती है

अक्सर प्राचीन मंदिर ठाकुर श्री केशवदेव में एक दिन पहले जन्माष्टमी मनाई जाती है। लेकिन इस वर्ष अष्टमी तिथि चार सितंबर को सुबह 2.25 बजे से शुरू होकर पांच सितंबर को दोपहर 12.13 बजे तक रहेगी। इस विशेष तिथि संयोग के कारण चार सितंबर को ही सूर्योदय व्यापिनी अष्टमी और केशवदेव मंदिर के नियमानुसार तिथि मिल रही है, जिससे दोनों प्रमुख मंदिरों में एक ही दिन उत्सव मनेगा।

केशवदेव मंदिर में अष्टमी लगने पर मनाई जाती है जन्माष्टमी

जन्माष्टमी को लेकर ब्रजमंडल में उत्सव जैसा माहौल बन रहा है। मंदिरों की सजावट, का कार्य धीरे-धीरे शुरू हो रहा है। ठाकुरजी के लिए विशेष पोशाकें, सुंदर मुकुट और भव्य फूल बंगले की तैयारी की जा रही है। देश के कोने-कोने से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन और मंदिर प्रबंधन द्वारा सुरक्षा, आवागमन और दर्शन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सभी अपने आराध्य के स्वागत के लिए पलकें बिछाए बैठे हैं और कान्हा के जन्मोत्सव को अलौकिक रूप से मनाने की तैयारियों में जुटे हैं।

अष्टमी तिथि चार सितंबर को सुबह 2.25 बजे से शुरू होगी

ज्योतिषाचार्य अजय तैलंग ने बताया कि इस वर्ष अष्टमी तिथि चार सितंबर को सुबह 2.25 बजे लगेगी और पांच सितंबर को दोपहर 12.13 बजे तक रहेगी। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने बताया कि सूर्योदय में अष्टमी होने पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाती है।

प्राचीन मंदिर ठाकुर श्री केशवदेव के मीडिया प्रभारी नारायण प्रसाद शर्मा ने बताया कि जिस दिन अष्टमी शुरू होती है, उसी दिन मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *