दिल्ली में 72 MM बारिश ने खोली NDMC की पोल? चेयरमैन ने जलभराव पर मांगी माफी, बोले- सिस्टम मजबूत करेंगे
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) क्षेत्र में 25 अगस्त को तेज वर्षा के बाद कई इलाकों में हुए जलभराव को लेकर एनडीएमसी चेयरमैन मनोज कुमार द्विवेदी ने खेद जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर जलभराव के कारण नागरिकों को हुई परेशानी के लिए माफी मांगी।
सिस्टम को करना होगा मजबूत
चेयरमैन ने बताया कि दो घंटे से भी कम समय में 72 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई, जो अपेक्षा से काफी अधिक थी। हालांकि, उन्होंने कहा कि इसे व्यवस्था की कमी का बहाना नहीं बनाया जा सकता। भविष्य में इस तरह की परिस्थितियों से निपटने के लिए एनडीएमसी को अपने सिस्टम को और मजबूत करना होगा।
नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो
मनोज कुमार द्विवेदी ने कहा कि जलभराव की समस्या से स्थायी रूप से निपटने के लिए परिषद की ओर से अल्पकालिक और दीर्घकालिक दोनों स्तर पर उपाय किए जाएंगे। एनडीएमसी क्षेत्र को पूरी तरह जलभराव मुक्त बनाने की दिशा में काम किया जाएगा, ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि एनडीएमसी नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुधार किए जाएंगे। चेयरमैन ने नागरिकों से व्यवस्था में सुधार के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए हैं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

