1240
Shares
बिना गारंटी मिला लोन, खड़ा कर दिया स्नैक्स का कारोबार, जानिए कैसे स्वावलंबी बनीं लखीमपुर की प्रिन्सी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं और महिलाओं को ‘रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला’ बनाने के संकल्प पर तेजी से आगे बढ़ रही है। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ इस विजन को साकार करने में मील का पत्थर साबित हो रही है। इस योजना का लाभ उठाकर लखीमपुर खीरी की प्रिन्सी गुप्ता ने आर्थिक तंगी की दीवारों को तोड़ते हुए न केवल अपना उद्यम स्थापित किया, बल्कि हर महीने ₹40 हजार की आय के साथ स्वावलंबन की एक नई इबारत भी लिखी है।
₹4.5 लाख के ऋण से शुरू हुआ स्नैक्स कारोबार
लखीमपुर खीरी की निवासी प्रिन्सी गुप्ता बताती हैं कि वे हमेशा से खुद का व्यवसाय शुरू कर अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती थीं। हालांकि, पर्याप्त पूंजी और वित्तीय संसाधनों के अभाव में उनका यह सपना अटका हुआ था। इसी दौरान उन्हें राज्य सरकार की ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ की जानकारी मिली।
प्रिन्सी ने इस योजना के तहत आवेदन किया और जुलाई 2025 में उन्हें बिना किसी बैंक गारंटी के साढ़े चार लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हो गया। आर्थिक सहायता मिलते ही उन्होंने आधुनिक तकनीकों की मदद से स्नैक्स निर्माण का व्यवसाय शुरू किया। उत्पाद की गुणवत्ता और बेहतर स्वाद के दम पर उन्होंने जल्द ही स्थानीय बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बना ली।
स्वावलंबन से बदली जिंदगी: हर महीने ₹40 हजार की शुद्ध आय
प्रिन्सी गुप्ता की लगन और सरकार की सही नीति का नतीजा है कि आज उनका स्नैक्स का व्यवसाय नियमित और सुचारू रूप से चल रहा है। उत्पाद तैयार करने से लेकर पैकेजिंग, गुणवत्ता जांच, बिक्री और वित्तीय प्रबंधन तक की पूरी जिम्मेदारी प्रिन्सी स्वयं संभाल रही हैं। इस व्यवसाय से वे वर्तमान में हर महीने लगभग ₹40 हजार की आय अर्जित कर रही हैं, जिसने उनके परिवार को एक मजबूत आर्थिक आधार प्रदान किया है। प्रिन्सी का लक्ष्य आने वाले समय में अपने इस स्नैक्स उद्योग का विस्तार करना है, जिससे वे स्थानीय स्तर पर अन्य लोगों को भी रोजगार से जोड़ सकें।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

