हिमाचल प्रदेश में जिला चंबा के भरमौर क्षेत्र में एक पहाड़ दरक गया। भूस्खलन का भयावह वीडियो भी सामने आया है। मंगलवार सुबह हुए भारी भूस्खलन और जमीन धंसने के कारण कोड़ला-उरेई सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क के बड़े हिस्से में अचानक हुए भू-धंसाव और भूस्खलन से मार्ग की स्थिति बेहद खराब हो गई है। इस कारण इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।
भूस्खलन के कारण सड़क को इतना नुकसान पहुंचा है कि पैदल आवाजाही भी मुश्किल है। इससे स्थानीय लोगों और उरेई की ओर आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गनीमत रही कि इस दौरान कोई वाहन चपेट में नहीं आया।
वैकल्पिक मार्ग का विकल्प
हालांकि, उरेई पहुंचने के लिए कंडी-कुठेड़ सड़क के माध्यम से वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध है। ऐसे में लोगों को फिलहाल इसी वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी जा रही है।
पहाड़ी क्षेत्र के लोग दहशत में
अचानक हुए भूस्खलन ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में बरसात के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। मार्ग के पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से अब इसकी बहाली के लिए संबंधित विभाग की कार्रवाई पर लोगों की नजर रहेगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

