रक्षाबंधन पर मेरठ रेंज पुलिस का अलर्ट, 11 एंटी रोमियो स्क्वाड और सादे कपड़ों में महिला पुलिस तैनात

1921 Shares

 रक्षाबंधन पर्व को लेकर मेरठ रेंज पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मेरठ रेंज के डीआइजी कलानिधि नैथानी ने सभी जनपदों के पुलिस अधिकारियों को बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

लगातार गश्त और चेकिंग के आदेश
त्योहार पर देर रात तक बाजारों में महिलाओं और आमजन की आवाजाही को देखते हुए छेड़छाड़, चेन स्नैचिंग और लूट जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस को लगातार गश्त और चेकिंग करने के आदेश दिए गए हैं। बाजारों, माल, पार्क और अन्य सार्वजनिक स्थानों के आसपास सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। किसी भी संदिग्ध या लावारिस वस्तु मिलने पर एंटी-सबोटाज चेक टीम से उसकी जांच कराई जाएगी।

मनचलों पर रहेगी पैनी नजर

जनपद में मनचलों और अराजक तत्वों पर निगरानी के लिए 11 एंटी रोमियो स्क्वाड सक्रिय किए गए हैं। बाजार, बस अड्डे और रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील स्थानों पर सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों के साथ गुंडा दमन दल को भी तैनात किया गया है।

इसके अलावा जिले में होने वाले पांच प्रमुख मेलों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस पिकेट लगाकर चिन्हित समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।

यातायात व्यवस्था पर भी फोकस

रक्षाबंधन पर निजी वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण यातायात दबाव और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए अधिक यातायात वाले मार्गों को चिन्हित किया गया है। इन स्थानों पर यातायात पुलिस की विशेष व्यवस्था रहेगी।

रोडवेज अधिकारियों, बस और टैक्सी यूनियनों के साथ समन्वय कर यात्रियों के लिए पर्याप्त वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत के अनुसार यूपी-112 की दोपहिया और चारपहिया पीआरवी को भी प्रमुख स्थानों पर तैनात किया जाएगा।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

डीआइजी ने थाना प्रभारियों को स्वयं क्षेत्र में भ्रमणशील रहने और छोटी से छोटी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जनपदीय अभिसूचना तंत्र, कंट्रोल रूम और इंटरनेट मीडिया सेल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। इंटरनेट मीडिया पर अफवाह या भ्रामक सूचना प्रसारित कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *