वाराणसी के चांदपुर इंडस्ट्रियल एरिया में दीवार गिरने से दंपती की मौत, NDRF ने मलबे से निकाले शव

6.7kViews
1606 Shares

मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर इंडस्ट्रियल क्षेत्र में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। पोस्ट ऑफिस के पास स्थित एक मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रविन्द्र मिश्र (62 वर्ष) और उनकी पत्नी प्रतिमा देवी (55 वर्ष) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि दंपती मूल रूप से झारखंड के गढ़वा जिले के डुमरिया के रहने वाले थे। पिछले कई वर्षों से वह चांदपुर इंडस्ट्रियल क्षेत्र में रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। जिस कैंपस में वे रहते थे, वह राजेश दौलिया का बताया जा रहा है। वहीं एक हिस्से में दीवार बनी हुई थी, जो बारिश के कारण कमजोर हो गई थी।परिजनों के अनुसार दोनों पति-पत्नी चांदपुर स्थित कैपकोन कंपनी में काम करते थे, जहा वायर बनाने का काम होता है। उनका बेटा आनंद मिश्र भी चांदपुर की ही एक कंपनी में काम करता है। सोमवार रात उसकी नाइट ड्यूटी थी।

सुबह मंगलवार को जब वह ड्यूटी से लौटा तो देखा कि घर की दीवार गिर गई है और उसके माता-पिता मलबे में दबे हुए हैं। यह देख उसके होश उड़ गए। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही मंडुवाडीह थाना प्रभारी अजय राज वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही फायर विभाग, एनडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी पहुंच गई। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया बारिश के कारण दीवार कमजोर होने से हादसा हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *