बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट का कर्पूरीग्राम में ठहराव शुरू, केंद्रीय मंत्री ने दिखाई हरी झंडी
समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर रेलखंड के कर्पूरीग्राम स्टेशन पर बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस का ठहराव बुधवार से विधिवत शुरू हो गया।
उद्घाटन के मौके पर पहले दिन केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया। इस विशेष कार्यक्रम में स्थानीय सांसद शाम्भवी चौधरी और मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 12566 नई दिल्ली दरभंगा बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का कर्पूरीग्राम स्टेशन पर नियमित ठहराव 20 अगस्त से शुरू होगा।
मिलेगी बेहतर रेल कनेक्टिविटी
इस सुपरफास्ट ट्रेन का ठहराव शुरू होने से स्थानीय और ग्रामीण क्षेत्र के दैनिक यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। अब क्षेत्रवासियों को दरभंगा और राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के आवागमन के लिए सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा। इस निर्णय से स्थानीय लोगों में लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर हर्ष का माहौल है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

