अयोध्या राम मंदिर: दर्शन पास की बाध्यता खत्म, फिर भी ऑनलाइन बुकिंग फुल
श्रावण मास में रामनगरी आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। अयोध्या आ रहे सभी भक्त रामलला के दर्शन के भी इच्छुक दिख रहे हैं। इसी वजह से श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की वेबसाइट पर 31 अगस्त तक के समस्त दर्शन पास की बुकिंग पहले से फुल हो गई है। ऐसा तब है, जब ट्रस्ट की ओर से किसी भी मंदिर में दर्शन के लिए पास की बाध्यता नहीं लागू की गई है।
ट्रस्ट की वेबसाइट से पंद्रह दिन पहले ही दर्शनार्थी बुक कर ले रहे दर्शन पास
राम मंदिर के अतिरिक्त परिसर के अन्य मंदिरों में दर्शन ट्रस्ट ने इसी वर्ष 13 अप्रैल से प्रारंभ किया था। भीड़ का आकलन करने के लिए पहले पूरक मंदिरों व सप्तर्षि मंदिरों के लिए पास की व्यवस्था लागू की गई। ट्रस्ट ने वेबसाइट पर दस अप्रैल से सामान्य दर्शन पास की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। कुछ दिनों बाद श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य होने पर ट्रस्ट ने मई माह से पास की अनिवार्यता समाप्त कर दी है।
यही व्यवस्था वर्तमान में भी लागू है। इस कारण मंदिर पहुंचने वाले किसी श्रद्धालु को दर्शन से रोका नहीं जा रहा है। इसके बावजूद दर्शनार्थी पास के माध्यम से अलग लेन से जाकर दर्शन करना चाहते हैं।
एक सितंबर तक के सामान्य व सुगम दर्शन पास और आरती पास भी अनुपलब्ध
इन दिनों सावन चल रहा है, तो अयोध्या में दर्शनार्थियों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। कुछ दिनों पहले तक जो सामान्य पास खाली रहते थे, अब उनकी भी बुकिंग एक सितंबर तक के लिए फुल हो चुकी है। यही हाल सुगम दर्शन पास का भी है। 31 अगस्त तक के सारे पास बुक हो चुके हैं। 15 दिनों की अग्रिम बुकिंग की सुविधा होने से श्रद्धालु अयोध्या आने के पहले ही ऑनलाइन पास बुक कर ले रहे हैं। ऑनलाइन आरती पास भी एक सितंबर तक के बुक हो गए हैं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

