3 साल से बिना वीजा ग्रेटर नोएडा में जमाया था डेरा, पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिक को दबोचा
ग्रेटर नोएडा में कोतवाली क्षेत्र स्थित सेक्टर-22 डी सोसायटी में रह रहे एक विदेशी नागरिक डेस्टिनी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी जून 2023 में तीन माह के टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था। वीजा की अवधि करीब तीन वर्ष पहले समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद भी आरोपी गुप्त तरीके से सोसायटी में रह रहा था।
दरअसल, यमुना प्राधिकरण की सेक्टर-22 डी आवासीय सोसायटी के निवासियों द्वारा बीते कुछ माह से विदेशी नागरिकों की जांच की अपील पुलिस से की जा रही थी।
आठ मंजिल से उतर रहा था नीचे
निवासियों का आरोप है नाईजीरिया मूल के किरायेदार कथित रूप से अवैध कार्य करते हैं। साथ ही उनका कहना है कि कई नागरिक वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद भी सोसायटी में रह रहे हैं। कुछ दिन पहले एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें एक विदेशी नागरिक फ्लैट के पिछले हिस्से से होकर करीब आठ मंजिल से नीचे उतर रहा था।दावा किया गया था कि पुलिस की जांच से बचने के लिए ऐसा किया गया । सूचना के आधार पर बृहस्पतिवार की रात दनकौर पुलिस सोसायटी में पहुंची और बाहर टहल रहे एक विदेशी नागरिक का पासपोर्ट और वीजा की जांच की गई।
वीजा की अवधि 2023 में हो गई थी समाप्त
पुलिस का दावा है कि आरोपित के वीजा की अवधि एक सितंबर 2023 में समाप्त हो चुकी है इसके बावजूद भी वह देश में रह रहा है। पुलिस द्वारा संबंधित दूतावास को जानकारी देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

