ओंकारेश्वर में नर्मदा की लहरों पर देशभक्ति का अद्भुत नजारा 151 नावों संग निकली भव्य तिरंगा यात्रा

1732 Shares

 ज्योतिर्लिंग भगवान ओंकारेश्वर की पावन नगरी में मां नर्मदा की लहरें देशभक्ति के रंग में रंग गईं। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 151 तिरंगा सजी नावों ने नर्मदा में भव्य नौका यात्रा निकाली। एक साथ जलधारा पर उतरीं तिरंगे से सजी नावों ने ऐसा नजारा पेश किया कि घाटों पर मौजूद श्रद्धालु और पर्यटक भी देखते रह गए।

नावों पर शान से लहराते तिरंगे और गूंजते ‘भारत माता की जय’ व ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरा नर्मदा तट राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया। यात्रा के दौरान नाविकों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। घाटों से गुजरती तिरंगा सजी नावों का दृश्य लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा और कई श्रद्धालुओं ने इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।

प्रदेश में अनूठी नौका यात्रा

स्वतंत्रता दिवस 2026 के उपलक्ष्य में बुधवार शाम करीब चार बजे ब्रह्मपुरी घाट से तिरंगा नौका यात्रा का शुभारंभ हुआ। आयोजकों के अनुसार, मध्य प्रदेश में अपनी तरह की यह पहली अनूठी नौका तिरंगा यात्रा रही, जिसमें 151 नाविक नावों के साथ शामिल हुए।

यात्रा के दौरान एक बालिका को भारत माता के रूप में सजाया गया, जो लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही। नावों पर तिरंगे के साथ देशभक्ति गीतों की गूंज ने नर्मदा तट के माहौल को पूरी तरह राष्ट्रप्रेम से भर दिया।

जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम में मांधाता विधायक नारायण पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता, कार्यकर्ता और नगरवासी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए।

नाविकों ने कहा कि मां नर्मदा की साक्षी में तिरंगा यात्रा निकालना उनके लिए गर्व और गौरव का क्षण है। धार्मिक आस्था और पर्यटन के लिए प्रसिद्ध ओंकारेश्वर में इस आयोजन ने जल और थल दोनों पर राष्ट्रभक्ति का माहौल बना दिया।

सुरक्षा के लिए प्रशासन रहा अलर्ट

151 नावों के एक साथ नर्मदा में उतरने को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। अधिकारी, पुलिसकर्मी और बचाव दल पूरे समय मुस्तैद रहे। सहायक कलेक्टर शिल्पा चौहान, जिला होमगार्ड एवं एआरएफ कमांडेंट आशीष कुशवाह, मांधाता थाना प्रभारी अनोख सिंह सिंदया और नगर परिषद सीएमओ मोनिका पारधी सहित संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

नौका यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा एवं बचाव दलों की विशेष तैनाती की गई थी।

नगर परिषद सीएमओ मोनिका पारधी ने बताया कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने और स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में तिरंगा नौका यात्रा का आयोजन किया गया। इसमें विधायक नारायण पटेल के साथ जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नगरवासियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *