जींद में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई, 21.7 किलो चूरापोस्त के साथ दो महिलाओं समेत 3 गिरफ्तार

1114 Shares

गढ़ी थाना पुलिस ने उझाना हाइवे से पीपलथा रोड पर दो महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से 21 किलो 700 ग्राम चूरापोस्त बरामद की है।

पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपितों से इस बात का पता लगा रही है कि यह लोग इतनी भारी मात्रा में चूरापोस्त कहां से लेकर आए और कहां पर सप्लाई करते थे।

गढ़ी थाना के जांच अधिकारी एएसआइ भीम सिंह ने बताया कि उनकी एक टीम शनिवार शाम को गढ़ी बस स्टैंड के आसपास गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि उझाना हाइवे से गांव पीपलथा रोड पर एक व्यक्ति व दो महिलाएं अपने-अपने बैग व थैलों में नशीला पदार्थ लेकर किसी वाहन के इंतजार में खड़े हैं।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दबिश दी और तीनों को काबू कर लिया। आरोपितों ने अपनी पहचान पंजाब के जिला मुक्तसर निवासी मंदर उर्फ महेंद्र, बठिंडा के गांव महमासरजा निवासी जसमेल कौर, व मुक्तसर निवासी कुलविंदर कौर के रूप में बताई। आरोपितों के पास बैग व थैलों की जब पुलिस ने तलाशी ली तो उनके पास से 21 किलो 700 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *