दुबई: कार शोरूम में आग लगने से केरलम के युवक की मौत, परिवार को UAE लाने की बना रहा था योजना

7.0kViews
1775 Shares

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई में एक कार शेख जायद रोड स्थित एक कार शोरूम में हुए गैस सिलिंडर विस्फोट में केरलम के 27 वर्षीय युवक शिजिन पॉल की मौत हो गई। शिजिन पॉल केरलम के कोल्लम जिले का रहने वाला था।

शोरूम में हुए गैस सिलेंडर विस्फोट में शिजिन पॉल के साथ पांच अन्य लोग भी घायल हुए थे। उनके परिवार ने बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान पॉल ने दम तोड़ दिया।

दुबई स्थित भारतीय दूतावास ने पॉल की मृत्यु की पुष्टि की और कहा कि उनके पार्थिव शरीर को स्वदेश वापस लाने की प्रक्रिया में सहायता के लिए उनके परिवार और स्थानीय अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है।

मल्टीमीडिया मार्केटिंग विशेषज्ञ था शिजिन पॉल

गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, केरलम के कोल्लम जिले के कोट्टारक्कारा निवासी शिजिन पॉल मल्टीमीडिया मार्केटिंग स्पेशलिस्ट था और दुबई के शेख जायद रोड पर स्थित शोरूम में सोशल मीडिया और वीडियोग्राफी का काम संभालता था। शिजिन पॉल नवंबर में कंपनी में शामिल हुआ था।

भारत लौटकर फैमिली लाने की बना रहा था योजना

पॉल के पूर्व रूममेट नासिर ने बताया कि वह अपनी पहली छुट्टी पर केरलम (भारत) लौटने के बाद अपनी पत्नी और बच्चे को अपने साथ दुबई लाने की योजना बना रहा था, लेकिन उससे पहले दर्दनाक हादसे में उसकी जान चली गई।

इस हादसे के चश्मदीद पॉल के सहकर्मी आबिद ने ने गल्फ न्यूज को बताया कि विस्फोट होने से पहले उन्हें और उनके सहयोगियों को परिसर में आग लगने की सूचना मिली थी।

गैस सिलिंडर की चपेट में आने से मौत

प्रत्यक्षदर्शी आबिद के अनुसार, शोरूम के पास आग लगते ही लोग अग्निशामक यंत्रों से उसे बुझाने के लिए दौड़े। इसी दौरान अचानक सिलिंडर में जोरदार धमाका हो गया और अफरा-तफरा मच गई। आग बुझाने के दौरान सिलिंडर फटने से शिजिन पॉल की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *