आंध्र प्रदेश की कंपनी गोरक्षनगरी में लगाएगी 350 करोड़ की फिश फीड फैक्ट्री, मांगी 15 एकड़ भूमि

3.3kViews
1887 Shares

गोरक्षनगरी औद्योगिक निवेश के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रही है। इस कतार में अब आंध्र प्रदेश की देश की अग्रणी जलीय कृषि (एक्वाकल्चर) एवं मछली-झींगा आहार निर्माता कंपनी दीपक नेक्सजेन फीड्स प्राइवेट लिमिटेड भी शामिल हो रही है।

कंपनी गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र में करीब 350 करोड़ रुपये के निवेश से अत्याधुनिक फिश फीड निर्माण इकाई स्थापित करेगी। कंपनी ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए गीडा प्रशासन से 15 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

गीडा प्रशासन की ओर से कंपनी को सेक्टर 27 स्थित औद्योगिक गलियारा में भूमि दिखाई गई है। प्रस्तावित निवेश से न केवल औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी, बल्कि पूर्वांचल में मत्स्य पालन उद्योग को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

प्रस्तावित फैक्ट्री में कंपनी अपने लोकप्रिय ‘किंगफिश’ ब्रांड के तहत उच्च गुणवत्ता वाले फिश फीड का उत्पादन करेगी। इस परियोजना से करीब 500 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है। वहीं परिवहन, पैकेजिंग, वेयरहाउसिंग, विपणन, रखरखाव और अन्य सहायक गतिविधियों के माध्यम से बड़ी संख्या में परोक्ष रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। गोरखपुर में इस निवेश को पूर्वांचल के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

गीडा प्रशासन के अनुसार कंपनी अपने कर्मचारियों के लिए 500 फ्लैटों वाली आधुनिक आवासीय टाउनशिप भी विकसित करेगी। इस टाउनशिप में कर्मचारियों के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे औद्योगिक विकास के साथ-साथ सुव्यवस्थित आवासीय और सामाजिक ढांचे का भी विस्तार होगा। गीडा के अधिकारियों के अनुसार इस प्रकार की परियोजनाएं औद्योगिक क्षेत्रों को दीर्घकालिक रूप से अधिक आकर्षक बनाती हैं।

देश के 15 से अधिक राज्यों में उत्पाद निर्यात करती है कंपनी
दीपक नेक्सजेन फीड्स प्राइवेट लिमिटेड भारत की प्रमुख एक्वाकल्चर फीड कंपनियों में शामिल है। कंपनी का मुख्य परिचालन आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के बोम्मुलुरु स्थित संयंत्र से होता है। वर्ष 2012 में कंपनी ने ‘किंगफिश’ ब्रांड लांच किया था, जिसने देश में फ्लोटिंग फिश फीड के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई।

वर्तमान में कंपनी कार्प मछलियों के लिए विभिन्न प्रकार के फिश फीड, आर्गेनिक फिश फीड, सिंकिंग फिश फीड, विशेष बायो फीड तथा झींगा पालन के लिए अलग श्रेणी के आहार का उत्पादन करती है। इसके उत्पाद देश के 15 से अधिक राज्यों में उपलब्ध हैं और कंपनी भारत की अग्रणी जलीय आहार निर्माताओं में गिनी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *