वाराणसी में बाबतपुर फोरलेन पर सीएनजी सिलेंडर से गैस रिसाव, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

1453 Shares

बाबतपुर-बड़ागांव थाना क्षेत्र स्थित बाबतपुर में बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वाराणसी-जौनपुर फोरलेन पर सीएनजी सिलेंडरों से लदा एक मालवाहक वाहन अचानक गैस रिसाव का शिकार हो गया। सिलेंडर के वाल्व में तकनीकी खराबी आने के कारण गैस तेजी से बाहर निकलने लगी।

जिससे कुछ ही देर में आसपास के क्षेत्र में गैस की तीखी गंध फैल गई। घटना वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लगभग एक किलोमीटर पहले हुई, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। हालांकि चालक की सूझबूझ, कंपनी की तकनीकी टीम और फायर ब्रिगेड की तत्परता के चलते स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, सीएनजी सिलेंडरों से लदा वाहन सप्लाई के लिए जा रहा था। रात करीब 12:40 बजे बाबतपुर फोरलेन पर चलते समय चालक को एक सिलेंडर के वाल्व से गैस रिसाव होने का आभास हुआ। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उसने तत्काल वाहन को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया। इसके बाद उसने बिना देर किए संबंधित सीएनजी कंपनी के अधिकारियों और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पिंडरा फायर स्टेशन से दमकल की टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर पुलिस और दमकल कर्मियों ने आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर भेज दिया, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। गैस के प्रभाव को कम करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार भी की।

कुछ ही देर बाद सीएनजी कंपनी की तकनीकी टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। जांच के दौरान पता चला कि सिलेंडर के वाल्व में तकनीकी खराबी के कारण गैस का रिसाव हो रहा था। कर्मचारियों ने तत्काल खराब वाल्व और नोजल को बदल दिया, जिसके बाद गैस का रिसाव पूरी तरह बंद हो गया। स्थिति सामान्य होने पर राहत की सांस ली गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर सीएनजी सिलेंडरों से गैस रिसाव की यह पहली घटना नहीं है। पिछले छह महीनों में तीन से चार बार इसी प्रकार की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें हर बार वाल्व या नोजल की तकनीकी खराबी मुख्य वजह रही है। फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि समय पर कार्रवाई होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *