दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले आरा जंक्शन से प्रतिदिन करीब 220 अप एवं डाउन एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन होता है। इन ट्रेनों के माध्यम से बड़ी संख्या में यात्री दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता, रांची समेत देश के विभिन्न शहरों की यात्रा करते हैं।
आरा जंक्शन से चलने वाली प्रमुख ट्रेनों में कैपिटल एक्सप्रेस, साउथ बिहार एक्सप्रेस, आरा–रांची एक्सप्रेस तथा आरा–कोलकाता गरीब रथ एक्सप्रेस शामिल हैं।
आरएसी यात्रियों को बेडरोल देने का निर्देश
इन ट्रेनों में लंबे समय से आरएसी टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को बेडरोल उपलब्ध कराने को लेकर शिकायतें मिलती रही हैं।
अब रेलवे बोर्ड ने इस समस्या पर सख्त रुख अपनाया है। रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि एसी चेयर कार को छोड़कर सभी एसी श्रेणी के कोचों में यात्रा करने वाले प्रत्येक आरएसी यात्री को अन्य आरक्षित यात्रियों की तरह पूरा बेडरोल किट उपलब्ध कराया जाएगा।
चादर, कंबल और तौलिया भी मिलेगा
इस किट में चादर, कंबल, तकिया कवर और तौलिया शामिल होगा। अब किसी भी आरएसी यात्री को एक ही बेडरोल साझा करने की मजबूरी नहीं होगी।
रेलवे बोर्ड के निदेशक पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधन लव शुक्ला द्वारा चार अगस्त को जारी पत्र में सभी रेलवे जोनों, मंडलों और संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया है कि इस व्यवस्था का हर स्तर पर सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
शिकायतों के बाद रेलवे बोर्ड का सख्त रुख
रेलवे को लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि आरएसी यात्रियों को या तो पूरा बेडरोल किट नहीं दिया जाता या पर्याप्त संख्या में उपलब्ध नहीं कराया जाता।
इससे यात्रियों को यात्रा के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ता था। रेलवे बोर्ड ने इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी प्रकार का भेदभाव किए बिना प्रत्येक आरएसी यात्री को पूर्ण बेडरोल किट उपलब्ध कराया जाए।
कोच अटेंडेंट और हाउसकीपिंग स्टाफ की जिम्मेदारी
साथ ही सभी कोच अटेंडेंट, हाउसकीपिंग स्टाफ और संबंधित कर्मचारियों को इन आदेशों की जानकारी देने तथा उनके प्रभावी अनुपालन की जिम्मेदारी भी तय की गई है।
रेलवे अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि यात्रा के दौरान आरएसी यात्रियों को बेडरोल उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी न रहे।
लंबी दूरी के यात्रियों को मिलेगी राहत
इस निर्णय से दानापुर रेल मंडल के आरा जंक्शन सहित अन्य स्टेशनों से यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
विशेष रूप से लंबी दूरी की ट्रेनों में आरएसी टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों को अब बेहतर सुविधा और अधिक आरामदायक यात्रा का लाभ मिलेगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

