झारखंड के साहिबगंज जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पलासबोना गांव में एक युवक ने पुलिसकर्मी पर ही चाकू से जानलेवा हमला कर सनसनी फैला दी। कोटालपोखर थाना के एएसआइ (जमादार) हेमंत यादव पर मो. शहादत शेख उर्फ गुल्लू ने ताबड़तोड़ तीन बार चाकू से वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल एएसआइ को इलाज के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थानेदार से झमेले की मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार मंगलवार की रात श्रीकुंड बाजार में पाकुड़ के मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार के साथ एक व्यक्ति नोंकझोंक कर रहा था। इसकी सूचना मिलने पर एएसआइ हेमंत यादव व सुभाष दास श्रीकुंड बाजार जा रहे थे। इसी बीच पलासबोना के लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि एक युवक गांव में चाकू लेकर लोगों को दौड़ा रहा है।
एएसआइ सुभाष यादव भी घायल
सूचना पाकर एएसआइ हेमंत यादव एवं एएसआइ सुभाष दास पलासबोना पहुंचे। पुलिस वैन से उतरते ही युवक ने एएसआइ हेमंत यादव के पेट में ताबड़तोड़ तीन बार चाकू से वार कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपित को पकड़ने के क्रम में एएसआइ सुभाष दास पर भी हमला किया जिससे उनके पेट को छूते हुए दिवाल से टकराकर चाकू टेढ़ा हो गया।इस दौरान सुभाष दास को हल्की चोट आई है। आनन-फानन में घायल एएसआइ हेमंत यादव को इलाज हेतु पाकुड़ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शहादत शेख को गिरफ्तार कर लिया है। वह नशे में थे।
घटना की सूचना पाते ही बरहड़वा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, बरहड़वा प्रभाग के पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार राणा, कोटालपोखर थाना प्रभारी पवन कुमार, पाकुड़ मुफ्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार धुलियान पहुंचे और उनका हाल चाल जाना। बेहतर चिकित्सा का निर्देश दिया।
गोड्डा के रहने वाले हैं घायल हेमंत यादव
कोटालपोखर थाना में पदस्थापित एएसआइ हेमंत यादव गोड्डा जिला के कौड़ीबहियार गांव के रहने वाले हैं। घटना की जानकारी मिलते ही उनके स्वजन भी अस्पताल पहुंचे। कोटालपोखर थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

