हापुड़ में देहात थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुकीम काला गैंग के पूर्व सदस्य समेत दो शातिर अंतरराज्यीय बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों के कब्जे और निशानदेही पर हापुड़, दिल्ली और अमरोहा समेत विभिन्न जनपदों से चोरी की गई आठ बाइक और एक स्कूटी, एक तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद हुए हैं। दोनों आरोपितों पर कुल 35 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और पूछताछ में फर्जी दस्तावेज तैयार कर चोरी के वाहनों की बिक्री करने का भी पर्दाफास हुआ है।
अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि थाना प्रभारी हापुड़ देहात पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वाहन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्य श्रीजी पेट्रोल पंप के पास मौजूद हैं और कहीं जाने की फिराक में हैं।
सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और मूल रूप से कशेरुआ थाना गजरौला (अमरोहा) के रहने वाले तथा वर्तमान में जाकिर कालोनी, लोहियानगर (मेरठ) के जीशान और ग्राम साहबपुर थाना गजरौला (अमरोहा) के मोनू उर्फ बब्बन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की आठ बाइक और एक स्कूटी बरामद कीं। इनमें तीन बाइक हापुड़ देहात थाना क्षेत्र, एक स्कूटी हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र, एक बाइक गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र, दो बाइक अमरोहा तथा एक बाइक कल्याणपुरी (दिल्ली) से चोरी की गई थी। आरोपितों के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और चाकू भी बरामद हुए हैं।
एएसपी ने बताया कि जीशान शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ हापुड़, अमरोहा और दिल्ली के विभिन्न थानों में डकैती, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास समेत 18 मुकदमे दर्ज हैं। एक मामले में उसे अदालत से आजीवन कारावास की सजा भी सुनाई जा चुकी है, हालांकि वर्तमान में वह जमानत पर बाहर था।
वहीं, मोनू उर्फ बब्बन के खिलाफ हापुड़, बिजनौर, अमरोहा और मुरादाबाद के विभिन्न थानों में 17 मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वह दिल्ली-एनसीआर और आसपास के जनपदों से आन डिामंड वाहन चोरी कर उनके फर्जी दस्तावेज तैयार कराते थे और बाद में उन्हें बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
जमानत पर बाहर आने के बाद फिर शुरू कर दिया चोरी का धंधा
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित जीशान शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ हापुड़, अमरोहा और दिल्ली के विभिन्न थानों में डकैती, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास समेत 18 मुकदमे दर्ज हैं। एक मामले में अदालत उसे आजीवन कारावास की सजा भी सुना चुकी है। फिलहाल वह जमानत पर बाहर था।
पुलिस का कहना है कि जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर वाहन चोरी का नेटवर्क खड़ा कर लिया और दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के जिलों में वारदातों को अंजाम देने लगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

