बिहार में 6000 करोड़ का स्टील प्लांट; डॉ. प्रेम कुमार बोले- गया के युवाओं के लिए खुलेंगे हजारों रोजगार के अवसर

3.4kViews
1403 Shares

 गया जिले में प्रस्तावित 6,000 करोड़ रुपये के स्टील प्लांट को बिहार के औद्योगिक विकास के साथ-साथ रोजगार सृजन की दिशा में भी एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में उद्योग विभाग और महाशक्ति ग्रुप के बीच हुए एमओयू से राज्य में निवेश का नया अध्याय शुरू हुआ है।

यह परियोजना विशेष रूप से गया और आसपास के जिलों के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर लेकर आएगी। क्षेत्र का सर्वांगीण व‍िकास होगा।

उन्होंने कहा कि इतने बड़े निवेश से स्थापित होने वाला स्टील प्लांट निर्माण चरण से लेकर उत्पादन शुरू होने तक हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार उपलब्ध कराएगा।

प्लांट के संचालन के लिए तकनीकी विशेषज्ञों, इंजीनियरों, सुपरवाइजरों, मशीन ऑपरेटरों और कुशल-अकुशल श्रमिकों की जरूरत होगी।

वहीं परिवहन, लॉजिस्टिक्स, सुरक्षा, खानपान, रखरखाव और अन्य सेवाओं से जुड़े क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

स्थानीय युवाओं को मिलेगा सबसे अधिक लाभ

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस परियोजना से गया सहित नवादा, औरंगाबाद, जहानाबाद तथा आसपास के जिलों के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलने की संभावना बढ़ेगी।

इससे रोजगार के लिए दूसरे राज्यों की ओर होने वाले पलायन में भी कमी आ सकती है। स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और छोटे व्यवसायों को भी नया बाजार मिलेगा।

सहायक उद्योगों को भी मिलेगा बढ़ावा

उन्होंने कहा कि स्टील प्लांट की स्थापना के साथ ही कई सहायक और लघु उद्योगों के विकास का रास्ता खुलेगा।

स्टील से जुड़े उत्पादों का निर्माण, मशीन पार्ट्स, पैकेजिंग, वेयरहाउसिंग, ट्रांसपोर्ट और अन्य औद्योगिक सेवाओं की मांग बढ़ने से उद्यमियों के लिए भी नए अवसर पैदा होंगे।

इससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र का विस्तार होगा।

निवेशकों का बढ़ रहा है भरोसा

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार उद्योगों के अनुकूल नीतियां, बेहतर आधारभूत संरचना और त्वरित प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध करा रही है।

यही कारण है कि देश-विदेश के निवेशकों का बिहार पर भरोसा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि गया में प्रस्तावित स्टील प्लांट राज्य के औद्योगिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा और रोजगार के नए द्वार खोलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *