एक युवक को मरे हुए सांप को मुंह में दबाकर स्टंट करते हुए वीडियो बनाना भारी पड़ गया। युवक के घर में एक छोटा सांप घुस गया था। उसने सांप को मार दिया। उसके बाद उसे गले में लटकाकर और मुंह में दबाकर अपना वीडियो बनवाने लगा।
मुंह में सांप दबाने के चलते कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई। स्वजन उसे नहटौर सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां तीन एंटी वेनम इंजेक्शन लगाकर जिला मेडिकल कालेज को रेफर कर दिया गया। वहां उसे ऐसे 10 इंजेक्शन लगाए गए। युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सांप को कभी गले में डाला और कभी मुंह में दबाया
गांव शादीपुर निवासी सलीम अहमद मजदूरी करता है। गुरुवार रात आठ बजे वह घर में था, इसी दौरान एक छोटा सांप वहां आ गया। सलीम ने उसे मार डाला। इसके बाद वह सांप को पकड़कर घूमने लगा, कभी उसे गले में डालता तो कभी मुंह में दबाने लगता।
इस दौरान उसने अपना वीडियो भी बनवाया। ग्रामीणों के मुताबिक काफी देर तक युवक वीडियो बनवाते हुए सांप के साथ स्टंट दिखाता रहा। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। स्वजन उसे सीएचसी नहटौर ले गए जहां से उसे जिला मेडिकल कालेज के अस्पताल में उपचार किया गया।
‘मरे सांप के मुंह में काटने से चढ़ सकता है जहर’
इस संंबंध में ईएमओ डाॅ. सुहेल ने बताया कि सलीम को दस एंटी वेनम इंजेक्शन लगाए गए। शरीर पर उसके कोई कट का निशान नहीं था। मुंह में सांप को देने की वजह से जहर का असर होने की आशंका रही। इस वजह से एंटी वेनम लगाई गई। चिकित्सक ने बताया कि मरे हुए सांप के मुंह में काटने से या मुंह में सांप के आने से जहर चढ़ सकता है।
मरे हुए या कटे हुए सांप का नर्वस सिस्टम कुछ घंटों तक सक्रिय रहता है। जिससे वह छोड़ने की रिफ्लेक्स क्रिया कर सकता है। सांप के जहर वाली ग्रंथियों पर दबाव पड़ने से या मांसपेशियों के सिकुड़ने से जहर निकल सकता है। कभी-कभी व्यक्ति के मुंह में कोई कट, या खुला घाव है।
ऐसे में सांप का जहर सीधे खून में मिल सकता है। उपचार न मिले तो जान जा सकती है। ऐसे में एंटी वेनम के इंजेक्शन लगाने पड़ते हैं। चिकित्सकों का मानना है कि शायद सलीम के साथ भी ऐसा हुआ है। मेडिकल अस्पताल से उपचार के बाद शुक्रवार को उसे छुट्टी दे दी गई।


