पंजाब के हलवारा एयरपोर्ट से नई उड़ानों पर केंद्र ने नहीं दिया रोडमैप, फैसला एयरलाइंस पर छोड़ा

1071 Shares

पंजाब के हलवारा एयरपोर्ट से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार को लेकर केंद्र सरकार ने फिलहाल कोई स्पष्ट रोडमैप देने से इनकार किया है।

सरकार ने राज्यसभा में स्पष्ट किया कि किसी भी नए रूट पर उड़ान शुरू करने का निर्णय पूरी तरह संबंधित एयरलाइंस की व्यावसायिक व्यवहार्यता पर निर्भर करता है। ऐसे में लुधियाना और आसपास के लोगों को मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे और अहमदाबाद जैसी प्रमुख शहरों के लिए सीधी उड़ानों का अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।

राज्यसभा सदस्य डा विक्रमजीत सिंह साहनी के प्रश्न के लिखित उत्तर में नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि हलवारा एयरपोर्ट से फिलहाल एयर इंडिया ही सेवाएं संचालित कर रही है।

एयर इंडिया की ओर से दिल्ली-हलवारा मार्ग पर सप्ताह में 28 घरेलू उड़ानों का संचालन किया जा रहा है। हालांकि सरकार ने अगले दो वर्षों में नए घरेलू या अंतरराष्ट्रीय रूट शुरू करने संबंधी किसी योजना की जानकारी नहीं दी।

मंत्री ने कहा कि वर्ष 1994 में एयर कॉरपोरेशन एक्ट समाप्त होने के बाद देश का घरेलू विमानन क्षेत्र पूरी तरह उदारीकृत है। मौजूदा व्यवस्था के तहत एयरलाइंस स्वयं तय करती हैं कि उन्हें किस रूट पर उड़ान संचालित करनी है, कौन सा विमान लगाना है और किस बाजार में सेवाएं देना व्यावसायिक रूप से लाभदायक रहेगा। इसलिए हलवारा सहित किसी भी एयरपोर्ट से नई उड़ानें शुरू करने का निर्णय संबंधित एयरलाइन ही लेती है।

सरकार ने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि हलवारा एयरपोर्ट से नई उड़ानें शुरू करने के लिए विभिन्न एयरलाइंस के साथ कोई चर्चा की गई है या नहीं। साथ ही प्रमुख महानगरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने की कोई समयसीमा भी नहीं बताई गई। इससे साफ है कि हलवारा एयरपोर्ट के विस्तार की दिशा फिलहाल एयरलाइंस की कारोबारी रणनीति पर ही निर्भर रहेगी।

गौरतलब है कि हलवारा एयरपोर्ट से 15 मई 2026 को वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन शुरू हुआ था। एयर इंडिया इस एयरपोर्ट से सेवा शुरू करने वाली पहली एयरलाइन बनी। दिल्ली-हलवारा मार्ग पर ए320 श्रेणी के विमानों से प्रतिदिन चार उड़ानों का संचालन किया जा रहा है, जिससे सप्ताह में कुल 28 उड़ानें उपलब्ध हैं।

इन उड़ानों का समय इस प्रकार निर्धारित किया गया है कि लुधियाना और आसपास के औद्योगिक क्षेत्र के कारोबारी यात्रियों को दिल्ली के जरिए विदेश जाने में सुविधा मिले।

यात्री एक ही टिकट पर लंदन, बर्मिंघम, पेरिस, रोम और मिलान जैसे अंतरराष्ट्रीय शहरों तक यात्रा कर सकते हैं। साथ ही दिल्ली में सामान दोबारा चेक-इन कराने की आवश्यकता नहीं पड़ती, जिससे यात्रा का समय भी कम होता है। हालांकि पंजाब के उद्योग और कारोबार जगत की लंबे समय से मांग है कि हलवारा एयरपोर्ट से देश के प्रमुख महानगरों के लिए भी सीधी उड़ानें जल्द शुरू की जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *