दिल्ली में गरजे CM उमर अब्दुल्ला, केंद्र ने मजबूर किया इसलिए यहां आए, अब राज्य का दर्जा लेकर ही लौटेंगे
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने के अपने वादे को पूरा न करके नेशनल कॉन्फ्रेंस को नई दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करने के लिए ‘मजबूर’ किया है।
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में पत्रकारों को संबोधित करते हुए उमर ने कहा कि उनकी पार्टी पिछले दो साल से भी अधिक समय से केंद्र सरकार को संसद और सुप्रीम कोर्ट में राज्य का दर्जा बहाल करने के संबंध में दिए गए आश्वासनों को पूरा करने की याद दिला रही है।
‘केंद्र सरकार ने हमें दिल्ली आकर विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर किया है। पिछले सवा दो साल से हम उन्हें केवल संसद और सुप्रीम कोर्ट में लोगों से किए गए वादों को पूरा करने की याद दिला रहे हैं।’
विशेष दर्जे वाले प्रस्ताव पर कायम है नेशनल कॉन्फ्रेंस
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस अपने राजनीतिक एजेंडे पर कायम है और उन मुद्दों को उठाना जारी रखेगी। उन्होंने कहा, ‘पहले विधानसभा सत्र में, हमने जम्मू-कश्मीर की विशेष स्थिति, विशेष दर्जे और संवैधानिक अधिकारों पर एक प्रस्ताव पारित किया था। हम उस एजेंडे को नहीं छोड़ रहे हैं।’
उमर अब्दुल्ला ने स्पष्ट किया कि आज के विरोध प्रदर्शन का तात्कालिक उद्देश्य राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग है, और इसके बाद अन्य राजनीतिक मुद्दों पर बात होगी। उन्होंने कहा, ‘आज के विरोध का उद्देश्य केंद्र सरकार को उसके वादे की याद दिलाना है। सब कुछ वहीं से शुरू होगा- पहले राज्य का दर्जा, फिर विधानसभा द्वारा पारित प्रस्ताव।’

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

