सुपौल में 5 श्रद्धालुओं की मौत के बाद भड़का आक्रोश, एम्बुलेंस में तोड़फोड़; पुलिस जांच पर टिकी निगाहें

2.6kViews
1940 Shares

पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया चौक स्थित बजरंगबली मंदिर के पास मंगलवार की देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में पांच श्रद्धालुओं की मौत के बाद इलाके में आक्रोश है। झूलन पर्व के अवसर पर मंदिर के समीप भजन-कीर्तन कर रहे ग्रामीणों के बीच अनियंत्रित कार घुस गई थी।

हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो श्रद्धालुओं ने सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीन अन्य घायल हैं। घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई और जांच पर लोगों की निगाहें टिकी हैं।

साइड देने के दौरान हुआ हादसा

मंदिर सड़क के किनारे स्थित है। झूलन पर्व को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क से सटकर भजन-कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान पिपरा की ओर से तेज गति से कार पहुंची। सामने लकड़ी लदा ओवरलोड ट्रैक्टर आने पर कार चालक ने साइड देने का प्रयास किया। इसी क्रम में कार अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं के बीच जा घुसी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

गैराज में कार छोड़कर भागा चालक

हादसे के बाद चालक कार लेकर घटनास्थल से कुछ दूर स्थित एक सुनसान गैराज में पहुंचा और वाहन छोड़कर भागने की कोशिश की, ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। कार में चालक, उसकी पत्नी, आठ वर्षीय पुत्री और महिला रिश्तेदार सवार थी, जिन्हें पकड़कर ग्रामीणों ने कमरे में बंद कर दिया।

भीड़ के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने कमरे को सुरक्षा घेरे में ले लिया। कड़ी मशक्कत के बाद तड़के करीब तीन बजे पुलिस ने चारों को मुक्त कराकर थाने पहुंचाया।

शराब के नशे में नहीं था चालक

पुलिस ने चालक की मेडिकल जांच कराई। जांच में उसके शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। अब हादसे की परिस्थितियों और चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।

सड़क जाम कर ग्रामीणों ने जताया आक्रोश

हादसे की खबर फैलते ही ग्रामीणों ने सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग जाम कर दिया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीण मृतकों के स्वजन को उचित मुआवजा और दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। शव ले जाने के लिए पहुंची पुलिस एंबुलेंस में भी आक्रोशित लोगों ने तोड़फोड़ की। बाद में पुलिस अधिकारियों ने समझाकर लोगों को शांत कराया।

पुलिस कर रही कैंप

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ मनोहर कुमार साहू और डीएसपी राजीव रंजन के नेतृत्व में पुलिस देर रात तक घटनास्थल पर कैंप करती रही। बुधवार को भी कटैया गोठ में पुलिस की मौजूदगी बनी हुई है। पांच लोगों की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश बरकरार है। अब पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को मिलने वाली राहत पर लोगों की नजर है।

गैरेज में घुसी कार, बाल-बाल बचा संचालक

लोगों को कुचलने के बाद चालक कार लेकर वहां से भागने की कोशिश करने लगा। घटनास्थल से कुछ दूरी पर कार एक गैरेज में जा घुसी। इस दौरान गैरेज संचालक बाल-बाल बच गया। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। ग्रामीणों ने कार में सवार चालक, एक महिला और दो बच्चों को पकड़ लिया और चारों को बंधक बना लिया।

ग्रामीणों के अनुसार, बंधक बनाए गए चारों लोग एक ही परिवार के हैं। इनमें पति-पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं। दोनों बच्चों की उम्र करीब छह वर्ष और दो वर्ष बताई जा रही है।

सेवानिवृत्त पुलिस इंस्पेक्टर की बताई जा रही कार

ग्रामीणों के मुताबिक हादसे में शामिल कार सुपौल निवासी सेवानिवृत्त पुलिस इंस्पेक्टर उमाशंकर कामत की है। घटना के समय कार में उनके पुत्र, पुत्रवधू और दो बच्चे सवार थे। हालांकि, पुलिस इस संबंध में सभी तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विधायक ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात

बुधवार को स्थानीय विधायक रामविलास कामत ने मृतकों के स्वजन से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। वहीं, स्थानीय मुखिया रेखा देवी ने कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत प्रत्येक मृतक के स्वजन को तीन-तीन हजार रुपये की सहायता राशि दी।

गांव में पसरा मातम, घटनास्थल पर जुटी भीड़

बुधवार को मृतकों के शव गांव पहुंचते ही माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। मृतकों के घर से उठ रही चीख-पुकार ने हर किसी को झकझोर दिया। घटनास्थल पर भी दिनभर लोगों की भीड़ लगी रही। हादसे की जानकारी लेने पहुंच रहे लोग घटना का मंजर सुनकर सिहर उठे। फिलहाल पुलिस गांव में कैंप कर रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *