गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ ने रचा इतिहास, जीता नेशनल फिल्म अवॉर्ड; सीएम धामी ने दी बधाई
उत्तराखंड के गढ़वाली सिनेमा को अब राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में गढ़वाली फिल्म ”ढोली” को फीचर फिल्म श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ गढ़वाली फिल्म का रजत कमल पुरस्कार और दो लाख रुपये की नकद राशि से सम्मानित किया गया।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फिल्म की पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे उत्तराखंड की लोकभाषा, लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत का राष्ट्रीय सम्मान बताया।
सीएम धामी ने दी फिल्म की पूरी टीम को बधाई
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ”ढोली” को मिला यह सम्मान प्रदेश के फिल्म उद्योग, कलाकारों और रचनाकारों के लिए प्रेरणादायक है। इससे गढ़वाली सिनेमा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और क्षेत्रीय फिल्मों के निर्माण को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने फिल्म के निर्माता एससी फार्माकेम प्राइवेट लिमिटेड, निर्देशक दिनेश पी भोंसले और पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और जनजीवन को देश-दुनिया तक पहुंचाने में क्षेत्रीय सिनेमा की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे प्रयास राज्य की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच उपलब्ध कराते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के अनुकूल गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नई फिल्म नीति के माध्यम से प्रदेश में फिल्म निर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार एवं रचनात्मक अवसर बढ़ रहे हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि ”ढोली” की सफलता से प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण क्षेत्रीय फिल्मों के निर्माण को नई गति मिलेगी और उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पहचान बनाएगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

