ये तो मोदी जी हैं… जालंधर में स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में अचानक चढ़ गए PM मोदी, प्रधानमंत्री को देख चौंके बच्चे
कैंट स्टेशन पर प्रधानमंत्री के आने के बाद गहमागहमी बढ़ी। हर तरफ से आवाजे आ रही थीं। इस बीच प्रधानमंत्री स्टेशन पर खड़ी सीर गोवर्धनपुर वाराणसी एक्सप्रेस के डब्बे में चढ़ गए, जहां उनकी पाठशाला लगी।
वह ट्रेन में सवार आइवीवाई वर्ल्ड स्कूल के बच्चों के पास आकर सीट पर बैठ गए। बच्चे प्रधानमंत्री को सामने देख कर चौंके भी और उनकी खुशी का ठिकाना भी नहीं था। प्रधानमंत्री करीब चार मिनट तक बच्चों के साथ बैठे और उनसे विकसित भारत को लेकर चर्चा की, सवाल किए और जवाब भी जाने। उन्होंने बच्चों के प्रश्नों के भी जवाब दिए। प्रधानमंत्री ने बच्चों में देश भक्ति का जज्बा भरा और हरी झंडी देकर ट्रेन को रवाना किया।
प्रधानमंत्री ने बच्चों से पूछा कि आपका पसंदीदा विषय कौन सा है। झट से बच्चे बोल पड़े कि गणित। तभी बच्चों ने भी प्रधानमंत्री से पूछ लिया कि आपका पसंदीदा विषय…तब प्रधानमंत्री ने भी हंसते हुए कहा कि आप सबसे मुलाकात करना और बातें करना। फिर प्रधानमंत्री ने बच्चों से कहा कि आपकी नजर में विकसित भारत कैसा होना चाहिए।बच्चों ने कहा – स्वच्छ भारत, मजबूत भारत, अपना भारत। प्रधानमंत्री मुस्कुराते हुए बोले कि बिल्कुल सही। उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत सभी आज से ही कर सकते हैं। अपने घर व आसपास सफाई रखें। प्लास्टिक को न कहें। विदेशी की जगह देसी अपनाएं। देशभक्ति बुरी आदतों को छोड़ कर छोटी-छोटी आदतों से भी की जा सकती है। अंत में प्रधानमंत्री ने बच्चों को अपने हस्ताक्षर करके कैप (टोपी) उपहार में दी।
अनवी बोली-प्रधानमंत्री बगल में बैठे, लक्की हूं मैं
आइवीवाई वर्ल्ड स्कूल की अनवी ने कहा कि प्रधानमंत्री उसके बगल में आकर बैठ गए। वह नरवस भी हो रही थी कि देश के प्रधानमंत्री उनके कंपार्टमेंट आकर इस प्रकार से साथ बैठ गए। साथ ही साथ लक्की फील कर रही थी। इंटरेक्शन के दौरान ही प्रधानमंत्री से यही प्रश्न किया कि देश के विकास में हमारा क्या योगदान रहेगा।
तब प्रधानमंत्री ने हंसते हुए जवाब दिया कि आप अपने देश की सेवा किसी भी तरीके से कर सकते हैं। अपने देश के बारे में खराब या बुरा न बोलो तब भी देश की सेवा कर सकते हैं। अच्छे-अच्छे काम करके भी देश सेवा कर सकते हैं और देश में रह कह भी देश सेवा में योगदान दे सकते हैं।
पीएम को देख खुश हो गई खुशी
छात्रा खुशी का कहना है कि प्रधानमंत्री के ठीक सामने बैठी थी। भरोसा ही नहीं हो रहा था। यह मेरे लिए बहुत खुशी का मौका था। ऐसा कभी सोना नहीं था। यह मूवमेंट बहुत खास था। उसने प्रश्न किया कि युवा पीढ़ी भारत को कैसे आगे बढ़ा सकती हैं।
इस पर प्रधानमंत्री ने उन्हें बताया कि भारत में रहते हुए कुछ भी करके देशभक्ति कर सकते हैं। हम चाहे झाड़ू लगाकर, स्वच्छता फैलाकर और स्वस्थ रह कर भी अपना योगदान डाल सकते हैं।
स्वामिनी बोली- प्रधानमंत्री ने मुझे बर्थडे विश किया
स्वामिनी सेतिया (सबसे लास्ट में ट्रेन की खिड़के साथ) ने कहा कि वो प्रधानमंत्री के सामने वाली सीट पर खिड़की के पास बैठी हुई थी। प्रधानमंत्री उनके कंपार्टमेंट में आ गए और उनके पास आकर बैठ गए।
उसने ये कभी भी नहीं सोचा था कि देश के प्रधानमंत्री इस प्रकार से आकर उनके सामने बैठ जाएंगे। उन्होंने सफेद कुर्ता और नीले रंग की बास्केट पहन हुई थी। उनके व्यक्तित्व और पर्सनैलिटी ने बहुत मोटिवेट किया। आज का ये पूरा दिन हमेशा याद भी रहेगा और मोटिवेट भी करता रहेगा।
आज उसका बर्थ डे था और प्रधानमंत्री ने बड़े प्यार से उसे विश किया। अपने हस्ताक्षर करके कैप दी। प्रधानमंत्री ने पहले विकसित भारत के बारे में उनसे पूछा और बाद में उन्होंने कहा कि स्वच्छता रखकर, बिजली और पानी की बचत करके विकसित भारत बना सकते हैं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

