बेंगलुरु: कुत्ते की बेल्ट से घोंटा गर्भवती पत्नी का गला, फिर खुद भी लगा ली फांसी

6.4kViews
1329 Shares

बेंगलुरु के चन्नामनकेरे अछुकट्टू इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी गर्भवती पत्नी की कुत्ते की बेल्ट से पत्नी का गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर खुदकुशी कर ली।

मृतक युवक की पहचान मनोज और उसकी पत्नी सपना के तौर पर हुई है। दोनों मूल रूप से यूपी के रहने वाले थे, लेकिन मनोज का जन्म और पालन-पोषण बेंगलुरु में हुआ था और वह कारपेंटर का काम करता था।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब मकान मालिक शेखर ने दोपहर में चन्नामनकेरे अछुकट्टू पुलिस को फोन किया और बताया कि किरायेदार मनोज कुमार और उसकी पत्नी सपना को जोर-जोर से झगड़ते हुए सुना गया, जिसके बाद उनके पहली मंजिल के घर से कोई जवाब नहीं मिला।

मोबाइल फोन की हो रही जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दरवाजा तोड़कर बेडरूम में घुसी। इस दौरान सपना का शव और मनोज को छत के पंखे से लटका हुआ पाया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल पति-पत्नी के मोबाइल फोन की जांच कर रहे हैं ताकि संदेशों या कॉल का पता लगाया जा सके जिनसे उनकी मौत के पीछे का कारण पता चल सके।

तीन साल पहले हुई थी दोनों की शादी

पुलिस के अनुसार, दोनों की शादी के करीब तीन साल हो चुके थे। दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। पति मनोज पिछले 4 दिनों से काम पर नहीं जा रहा था।

दोपहर के वक्त दोनों में फिर झगड़ा हुआ, पुलिस को संदेह है कि इस दौरान मनोज ने अपनी गर्भवती पत्नी सपना का कुत्ते की बेल्ट से गला घोट कर हत्या कर दी। इसके बाद इसी बेल्ट का इस्तेमाल करके कमरे में लगे सीलिंग फैन से फांसी लगा ली।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *