नालंदा भूमि सर्वे: रिश्वत मांगने पर होगी कड़ी कार्रवाई, शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

8.5kViews
1378 Shares

 प्रखंड में चल रहे भूमि सर्वे के दौरान यदि किसी रैयत से कोई कर्मी रिश्वत की मांग करता है या अनावश्यक रूप से परेशान करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसे लेकर नगरनौसा शिविर कार्यालय के सूचना पट्ट पर एक सार्वजनिक सूचना चस्पा की गई है।

सूचना में कहा गया है कि भूमि सर्वे कार्य से जुड़े किसी भी कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगने या उत्पीड़न किए जाने की स्थिति में संबंधित अधिकारी के पास लिखित शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर दोषी कर्मी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

शिकायत के लिए शिविर पदाधिकारी पूजा कुमारी (मो. 7463882800), कानूनगो संस्कृति (मो. 7004767271), नोडल पदाधिकारी प्रवीण कुमार अलवे (मो. 7061964904) तथा सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी (मो. 9304880452) का संपर्क नंबर भी सूचना पट्ट पर प्रदर्शित किया गया है।

गौरतलब है कि नगरनौसा प्रखंड में पूर्व में भी रिश्वतखोरी के मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। निगरानी विभाग की टीम प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना कार्यालय की एक महिला पर्यवेक्षिका तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के एक कर्मी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर चुकी है।

नगरनौसा प्रखंड की कुल नौ पंचायतों के 47 राजस्व गांवों में भूमि सर्वे का कार्य किया जाना है। प्रशासन ने रैयतों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध मांग या परेशानी की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि सर्वे कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *